Thursday, February 12, 2026

अनुपम खेर की फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' के लिए कोरियोग्राफी करेंगी कृति महेश


मुंबई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘घूमर’, ‘ढोलीडा’ और ‘गर्मी’ जैसे गानों को कोरियोग्राफ करने वाली राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कृति महेश अनुपम खेर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ में कोरियोग्राफी करेंगी।

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर इसकी घोषणा करते हुए कृति के बगल में पोज देते हुए एक फोटो शेयर की।

उन्होंने लिखा, ”यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कोरियोग्राफर कृति महेश मेरी निर्देशित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ के गानों की कोरियोग्राफी कर रही हैं।”

कोरियोग्राफर की प्रशंसा करते हुए अनुपम ने कहा, “वह अपनी संवेदनशीलता, कल्पनाशीलता और निश्चित रूप से अपनी प्रतिभा के साथ स्क्रीन पर जादू पैदा करती हैं। ‘तन्वी द ग्रेट’ का हिस्सा बनने के लिए कृति को धन्यवाद।”

अनुपम द्वारा निर्देशित इस फिल्म में ऑस्कर विजेता संगीत निर्देशक एम.एम. कीरावनी और जापानी डीओपी केइको नकाहारा भी हैं।

अपना आभार व्यक्त करते हुए कृति ने कहा, “‘तन्वी द ग्रेट’ मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखती है। मुझ पर विश्वास करने के लिए मैं अनुपम खेर की आभारी हूं। हम साथ मिलकर दर्शकों के लिए एक यादगार फिल्म देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

अपने 69वें जन्मदिन पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता ने अपनी अगली निर्देशित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की घोषणा की, जिससे 22 साल बाद निर्देशक की कुर्सी पर उनकी वापसी हुई।

अनुपम ने 2002 में अनिल कपूर, फरदीन खान और अभिषेक बच्चन अभिनीत फिल्म ‘ओम जय जगदीश’ से निर्देशन की शुरुआत की थी।

–आईएएनएस

एमकेएस/एसकेपी


Related Articles

Latest News