दिल्ली पुलिस ने दो वाहन चोर और चोरी का वाहन खरीदने वाले को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में कोतवाली की टीम ने एक सफल अभियान के तहत दो वाहन चोरों और एक चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उनके पास से पुलिस ने दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि 14 मार्च को शिकायतकर्ता फिरोज त्यागी ने वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। फिरोज त्यागी ने तहरीर में बताया था कि उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर यूपी 17 वी 3312) को दोपहर 1:30 बजे चांदनी चौक के पास पार्क किया था। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर उन्होंने पाया कि उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी थी। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्जकर जांच शुरू की थी।

जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह को सौंपी गई। उनकी टीम में हेड कांस्टेबल दलचंद, नंद किशोर, पूरन, अमित और विपुल शामिल थे। टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और दो संदिग्धों की पहचान की।

मुखबिर और तकनीकी इनपुट के माध्यम से प्रिंस गली, दंगल मैदान पार्किंग के पीछे चांदनी चौक के पास फुरकान (29) और रिहान (22) को गिरफ्तार किया था। ये दोनों साहिबाबाद (गाजियाबाद) के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे दोस्त हैं और गाजियाबाद के लोनी में एक कपड़ों की कढ़ाई की दुकान में काम करते हैं। चोरी की मोटरसाइकिलें वे खरीदारों को बेच देते थे।

उन्होंने यह भी बताया कि फिरोज त्यागी की मोटरसाइकिल चांदनी चौक से चुराई थी और उसे हापुड़ में रिजवान (23) को 8,000 रुपए में बेच दिया। पुलिस ने निशानदेही पर रिजवान के कब्जे से मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि फुरकान ने स्कूल बीच में छोड़ दिया था जबकि रिहान और रिजवान अनपढ़ हैं। रिहान का पहले भी दिल्ली के विवेक विहार और हर्ष विहार थाने में वाहन चोरी और छीनाझपटी में रिकॉर्ड दर्ज है।

बरामदगी में एक चोरी की हुई स्प्लेंडर बाइक और एक अन्य मोटरसाइकिल शामिल है जो अपराध में इस्तेमाल हुई थी और फुरकान के चचेरे भाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

–आईएएनएस

एसएके/पीएम


Related Articles

Latest News