कोरिया मास्टर्स 2026: शुरुआती दौर में श्रीकांत की हार, अब तन्वी और पृथ्वी-कृष्णा से देश को आस


आसान (साउथ कोरिया), 5 अगस्त (आईएएनएस)। बीडब्ल्यूएफ कोरिया मास्टर्स 2026 के मेंस सिंगल्स में भारत को निराशा हाथ लगी, जहां बुधवार को पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 किदांबी श्रीकांत इजराइल के डेनिल डुबोवेंको के खिलाफ 20-22, 21-14, 12-21 से हारकर पहले ही दौर में बाहर हो गए।

बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 टूर्नामेंट में किदांबी श्रीकांत इस उम्मीद के साथ उतरे थे कि वे सीजन की शुरुआत में यूएस ओपन की सफलता को दोहरा सकें, जहां वह मेंस सिंगल्स के उप-विजेता रहे थे, लेकिन श्रीकांत बीडब्ल्यूएफ कोरिया मास्टर्स 2026 में डुबोवेंको के खिलाफ शानदार प्रदर्शन नहीं कर सके।

पहला गेम 22-20 से हारने के बाद, किदांबी वापसी नहीं कर सके और इजराइली खिलाड़ी ने अगले दो गेम 21-14 और 21-12 से जीतकर श्रीकांत का सफर पहले ही दौर में खत्म कर दिया।

यह हार बीडब्ल्यूएफ कोरिया मास्टर्स 2026 के मेंस सिंगल्स इवेंट में भारत की उम्मीदों के लिए एक झटका थी, क्योंकि 33 वर्षीय खिलाड़ी अमेरिका में दिखाए गई अपनी शानदार फॉर्म को यहां जारी नहीं रख सके।

हालांकि, विमेंस सिंगल्स में भारत के लिए कुछ बेहतर खबर थी। ताइपे ओपन चैंपियन तन्वी शर्मा ने चीन की युआन एन क्यूई को मात देकर अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। दूसरे दौर में उनका सामना हमवतन श्रियांशी वालिसेट्टी से होगा।

भारत को मेंस डबल्स इवेंट में एक बड़ी जीत मिली। वर्ल्ड नंबर 118 जोड़ी पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और कृष्णा प्रसाद गरागा ने थाईलैंड के चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों वोरापोल थोंगसा-न्गा और चालोएमपोन चारोएनकिटामॉर्न को हराया।

भारतीय टीम ने वर्ल्ड नंबर 48 जोड़ी के खिलाफ 21-16, 21-18 से जीत हासिल करते हुए दूसरे दौर में अपनी जगह सुनिश्चित की। पुरुषों के सिंगल्स क्वालीफाइंग राउंड में, तुषार सुवीर ने कनाडा के शौर्य गुल्लैया के खिलाफ 21-15, 21-12 से शानदार जीत के साथ शुरुआत की, लेकिन जापान के शोगो ओगावा के विरुद्ध क्वालीफाइंग फाइनल में 21-10, 21-17 से हारने के बाद वे मेन ड्रॉ में जगह नहीं बना सके।

मेंस डबल्स के पहले राउंड में, अर्जुन रेड्डी पोचाना और अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु को दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी चोई सोल ग्यू और गोह वी शेम ने 21-3, 21-10 के खिलाफ करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।

भारत की विमेंस डबल्स टीम का सफर भी जल्द समाप्त हो गया। प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा को जापान की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी, रिरीना हिरामोतो और कोकोना इशिकावा ने 21-15, 21-13 से शिकस्त दी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News