कोलकाता वेयरहाउस हादसा: पूछताछ के लिए हिरासत में तीन लोग, अब तक 5 की मौत


कोलकाता, 24 जून (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस ने बुधवार की रात को तारातला इलाके में एक निर्माणाधीन वेयरहाउस की छत गिरने की घटना के मामले में तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिन तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें निर्माणाधीन वेयरहाउस का सुपरवाइजर और दो लेबर कॉन्ट्रैक्टर शामिल हैं, जो निर्माण कार्य के लिए ठेका मजदूरों की आपूर्ति करते थे।

हिरासत में लिए गए सुपरवाइजर का नाम मोहम्मद गुलजार है। अन्य दो व्यक्तियों में मोहम्मद अता यूल और सुभाष चौधरी शामिल हैं।

फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है।

आशंका जताई जा रही है कि मलबे में कुछ ठेका मजदूर अब भी फंसे हो सकते हैं, जो गिरी हुई कंक्रीट स्लैब और लोहे के बीम के नीचे दबे हैं।

इस बीच, मुख्यमंत्री ने एसएसकेएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और उनके इलाज की स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की और बताया कि कुल 20 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि डॉक्टर घायलों को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और सरकार की प्राथमिकता फंसे हुए मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।

इस घटना के बाद भारतीय सेना की एक टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हो गई है। इसके अलावा एनडीआरएफ, कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल दमकल विभाग भी राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि वेयरहाउस के निर्माण डिजाइन में खामियां थीं। बताया गया है कि कोलकाता नगर निगम के पूर्व बोर्ड ने इस डिजाइन को 17 जनवरी को मंजूरी दी थी।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News