विंबलडन: डी मिनौर को शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे कोबोली


लंदन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। विंबलडन में सोमवार को फ्लेवियो कोबोली ने चौथे दौर के मैच में एलेक्स डी मिनौर को 7-5, 7-6(4), 6-3 से मात देकर लगातार दूसरे साल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। मेंस सिंगल्स का यह मुकाबला 2 घंटे और 34 मिनट तक चला।

लंदन की तेज धूप में कोबोली ने अपना संयम बनाए रखा। दूसरे और तीसरे सेट में डी मिनौर के पास ब्रेक की बढ़त होने के बावजूद, इस इतालवी खिलाड़ी ने बार-बार लंबी रैलियों में नियंत्रण हासिल किया। उन्होंने अपने शॉट की ताकत, सटीक एंगल और निडर होकर गेंद को हिट करने की क्षमता का इस्तेमाल करते हुए मजबूत ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को थका दिया। कोबोली खुश थे कि उनका दिन का काम तीन सेटों में ही खत्म हो गया क्योंकि वह शाम को फीफा वर्ल्ड कप का मैच देखना चाहते थे।

इस साल की चैंपियनशिप में टॉप-10 खिलाड़ियों के बीच खेले गए इस मैच में कोबोली ने संयमित खेल दिखाते हुए डी मिनौर की चुनौती को पार किया। 24 वर्षीय खिलाड़ी निकोला पिएत्रांगेली और जानिक सिनर के बाद विंबलडन में एक से ज्यादा बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले तीसरे इतालवी पुरुष बन गए।

कोबोली ने पिछली गर्मियों में मारिन सिलिच को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। इसके दो दिन बाद नोवाक जोकोविच से एक सेट जीतकर उन्होंने अपनी काबिलियत साबित की। वर्ल्ड नंबर 10 खिलाड़ी का अगला मुकाबला सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए पूर्व वर्ल्ड नंबर 3 ग्रिगोर दिमित्रोव या ब्रिटिश खिलाड़ी आर्थर फेरी से होगा।

कोबोली ने अब 2026 सीजन में टूर स्तर पर 27 जीत और 14 हार का रिकॉर्ड बना लिया है। यह उनके लिए शानदार वापसी की कहानी है, क्योंकि साल की शुरुआत उनके लिए बेहद निराशाजनक रही थी। इटली के इस खिलाड़ी ने वर्ल्ड नंबर 20 के रूप में ऑस्ट्रेलियन ओपन में प्रवेश किया था, लेकिन पहले ही दौर में तब के वर्ल्ड नंबर 186 खिलाड़ी फेरी के खिलाफ चौंकाने वाली हार झेलनी पड़ी थी।

वापसी करते हुए, कोबोली डेलरे बीच में सेमीफाइनल तक पहुंचे और फिर अकापुल्को में अपना तीसरा एटीपी टूर खिताब जीतकर आगे बढ़े। इसके बाद यूरोपियन क्ले स्विंग के दौरान, कोबोली म्यूनिख में फाइनल और मैड्रिड में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे, लेकिन रोला गैरो में उनका खेल सबसे अच्छा रहा, जहां वह अपने पहले बड़े फाइनल तक पहुंचे, हालांकि वहां उन्हें अलेक्जेंडर ज्वेरेव से हार का सामना करना पड़ा।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News