अपहृत नाना-नाती बरामद, एफआईआर के 24 घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार


रांची, 9 नवंबर (आईएएनएस)। कोडरमा जिले के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र में नाना और नाती के अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 7 नवंबर को एफआईआर दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर घटना को अंजाम देने वाले 4 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस फरार चल रहे अन्य तीन अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जायदाद के विवाद और रिश्ते में आई खटास की वजह से अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया था।

घटना कोडरमा के तिलैया डैम ओपी की है। यहां के मितलाल महतो ने अपने पिता और भांजे के अपहरण का आरोप भिखारी महतो तथा अन्य पर लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना में उपयोग में लायी गयी बाइक और सवारी गाड़ी को भी जब्त किया है।

रिश्ते में दरार और पुराने संपति विवाद के कारण रामविलास महतो और उसके नाती का अपहरण किया गया था। दोनों का अपहरण करने वाले अपने ही रिश्तेदार ही निकले।

पुलिस कप्तान अनुदीप सिंह ने बताया कि रामविलास महतो और नीतीश कुमार का अपहरण पुराने संपति विवाद के कारण हुआ था। घटना अंजाम देने वाले रामविलास महतो के ससुराल के लोग थे। मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि 3 अन्य को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम


Related Articles

Latest News