तेहरान, 6 जुलाई (आईएएनएस)। ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा सोमवार सुबह तेहरान के इमाम हुसैन स्क्वायर से शुरू हुई। यात्रा की शुरुआत ईरान का राष्ट्रगान बजाकर की गई।
हजारों की संख्या में लोगों का हुजूम सुबह से ही सड़कों पर जुटने लगा। खामेनेई के ताबूत को तेहरान के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, धार्मिक नेता और सेना के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहे।
ईरान की समाचार एजेंसी तसनीम और सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी के मुताबिक, यह ईरान के आधुनिक इतिहास का सबसे बड़ा सार्वजनिक जमावड़ा है। तेहरान से होते हुए जनाजा पवित्र शहर कोम पहुंचेगा। जहां पार्थिव शरीर को दफन करने की अंतिम रस्में अदा की जाएंगी।
खामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए ईरानी प्रशासन ने 193 बसों की व्यवस्था की है। ये बसें तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात की गई हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोगों और प्रतिनिधिमंडलों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में सुविधा हो।
इससे पहले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि खामेनेई की अंतिम यात्रा विदाई नहीं, बल्कि उनके रास्ते पर चलने का संकल्प है। उन्होंने कहा, “मैं इसे विदाई नहीं मानता। यह उनके मिशन और विचारों को आगे बढ़ाने का वादा है।”
राष्ट्रपति ने कहा कि अंतिम संस्कार में उमड़ी लाखों लोगों की भीड़ और लोगों की आंखों के आंसू किसी आदेश से नहीं आ सकते। “लोगों का व्यवहार किसी भी भाषण से ज्यादा असरदार होता है और पूरी दुनिया इसे समझती है।”
इस बीच ईरानी सेना प्रमुख मेजर जनरल अमीर हातमी ने ‘न्याय की तलाश कभी न छोड़ने’ की प्रतिज्ञा की है।
प्रेस टीवी के अनुसार हातमी ने कहा, “जिन लोगों ने यह अपराध किया है, उन्हें यह जान लेना चाहिए कि ईरान की जनता और हम सभी न्याय की अपनी मांग और उसकी प्राप्ति के प्रयास को कभी नहीं छोड़ेंगे। यह हमारा दृढ़ संकल्प है कि जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक हम इस प्रयास को लगातार जारी रखेंगे।”
–आईएएनएस
केआर/
