लखनऊ, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘डिजिटल इंडिया’ के लक्ष्य को साकार करने में दूरसंचार क्षेत्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों का योगदान निर्णायक रहा है। उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ के भूतनाथ स्थित सभागार में दूरसंचार विभाग के अधिकारी संघ (एआईएसीई) की सेंट्रल एक्जीक्यूटिव कमेटी (सीईसी) की बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में पहुंचने पर संघ के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान को जमीन पर उतारने में दूरसंचार विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में संचार ही शक्ति है और दूरसंचार नेटवर्क के माध्यम से गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना संभव हुआ है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तकनीकी दक्षता और समर्पण से ही देश में डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार तेजी से हुआ है। बैठक के दौरान अधिकारी संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों और विभागीय चुनौतियों को उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
मौर्य ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि अधिकारियों के जायज हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है और आवश्यक सुझावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों को केंद्र सरकार के मंत्रालयों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा, ताकि विभाग की कार्यक्षमता और बेहतर हो सके।
उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों से आह्वान किया कि वे ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में अपनी भूमिका को और सशक्त बनाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम’ से ‘सर्वोत्तम’ प्रदेश बनाने के लिए मजबूत दूरसंचार व्यवस्था और बेहतर कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
