'कार्तिक नंबर-4 पर भी उतने ही अच्छे साबित हो रहे हैं', रैना ने इस पूर्व खिलाड़ी से की तुलना

[ad_1]

IPL 2026 SRH vs CSK 0072

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। 20 वर्षीय कार्तिक शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास के अपने पहले ही सीजन में शानदार छाप छोड़ी है। इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 10 मुकाबलों में 34.50 की औसत के साथ 276 रन बनाए हैं। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सुरेश रैना ने युवा कार्तिक शर्मा की तुलना सीएसके के पूर्व मुख्य खिलाड़ी एस. बद्रीनाथ से की है।

यह तारीफ 20 वर्षीय खिलाड़ी के लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद आई है। इस सीजन की शुरुआत से पहले एक बड़े करार के तहत टीम में शामिल होने के बाद, अब यह खिलाड़ी फ्रेंचाइजी के भरोसे पर खरा उतरने लगा है। सीएसके के पिछले पांच मुकाबलों में मिडिल-ऑर्डर में कार्तिक का आत्मविश्वास लगातार बढ़ा है।

कार्तिक ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 32 रन, लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 71 रन, चेन्नई में एलएसजी के खिलाफ 20 रन, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 41 रन और मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 54 रन बनाए हैं।

सुरेश रैना का मानना ​​है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को अपनी अहम नंबर-4 की पोजीशन के लिए युवा कार्तिक शर्मा के रूप में एक लंबे समय का समाधान मिल गया है। रैना ने कार्तिक के स्वभाव और अपनी भूमिका को लेकर स्पष्टता की तुलना बद्रीनाथ से की। बद्रीनाथ को फ्रेंचाइजी के शुरुआती वर्षों में चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे भरोसेमंद मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाजों में से एक माना जाता था। रैना ने कहा कि कार्तिक भी इस सीजन में दबाव वाले हालात में वैसे ही गुण दिखाने लगे हैं।

रैना ने ‘जियोस्टार’ से कहा, “नंबर-4 पर, बद्रीनाथ ने हमेशा सीएसके के लिए अच्छा प्रदर्शन किया। जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए उस भूमिका को निभाया, वह बेहतरीन था। अब, मुझे लगता है कि युवा कार्तिक शर्मा भी उसी भूमिका को बहुत अच्छे से निभा रहे हैं। वह स्पिन के खिलाफ आत्मविश्वास से खेलते हैं, समझदारी से स्ट्राइक रोटेट करते हैं, तेज गेंदबाजी को बिना किसी परेशानी के संभालते हैं, और दबाव में भी शांत रहते हैं।”

रैना ने आगे बताया कि यही वो गुण थे, जिन्होंने बद्रीनाथ को चेन्नई की बल्लेबाजी यूनिट के लिए इतना अहम खिलाड़ी बनाया। उन्होंने कहा, “ये बिल्कुल बद्रीनाथ की ही ताकत थी, और कार्तिक भी वही गुण दिखा रहे हैं।”

रैना ने कहा, “सीएसके ने उन पर अच्छा-खासा पैसा खर्च किया है, और वह उस भरोसे पर खरे उतर रहे हैं। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मैंने बद्रीनाथ के साथ कई साझेदारियां की हैं, और कार्तिक भी नंबर चार पर उतने ही अच्छे साबित हो रहे हैं।”

–आईएएनएस

आरएसजी

[ad_2]

Related Articles

Latest News