Sunday, February 15, 2026

कर्नाटक भाजपा ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कहा- 'ये अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक सफलता'


बेंगलुरु, 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई ने मंगलवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को अर्थव्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक सफलता बताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष और विधायक बीवाई विजयेंद्र ने कहा, “भारत-अमेरिका व्यापार समझौता हमारी अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाला पल है। टैरिफ को घटाकर सिर्फ 18 प्रतिशत कर दिया गया है। यह ऐतिहासिक समझौता हमारे किसानों, एमएसएमई, उद्यमियों और कुशल श्रमिकों के लिए अभूतपूर्व रास्ते खोलेगा। यह हमारे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन को भी सशक्त बनाएगा। यह निर्यात, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के लिए गेम-चेंजर साबित होगा।”

विजयेंद्र ने कहा, “दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने वाले इस समझौते को हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके दूरदर्शी नेतृत्व और कूटनीतिक कौशल के लिए हार्दिक बधाई।”

भाजपा सांसद और पूर्व सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि यह ऐतिहासिक व्यापार समझौता प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साझा विजन और दमदार नेतृत्व को दिखाता है, जिससे दो भरोसेमंद लोकतंत्रों के बीच सहयोग मजबूत होगा।

उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “वैश्विक मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के रचनात्मक और निर्णायक नेतृत्व ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत के राष्ट्रीय हित पूरी तरह सुरक्षित हैं। वैश्विक शक्तियों के साथ आत्मविश्वास से जुड़ने और आपसी फायदे वाले नतीजे हासिल करने की उनकी क्षमता दुनिया के मामलों में भारत की बढ़ती हैसियत को दिखाती है। मैं उनके नेतृत्व की दिल से सराहना करता हूं और इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी और उनकी टीम का आभार व्यक्त करता हूं।”

बसवराज बोम्मई ने यह भी कहा कि यह साझेदारी किसानों, एमएसएमई, इनोवेटर्स और कुशल प्रोफेशनल्स के लिए नए अवसर पैदा करेगी। इसके साथ ही टेक्नोलॉजी, विकास और वैश्विक सहयोग को भी आगे बढ़ाएगी।

हालांकि, कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। मंत्री प्रियांक खड़गे ने बेंगलुरु में कहा, “कुछ महीने पहले, केंद्र सरकार ने आम आदमी पर टैक्स की मार के बाद जीएसटी उत्सव मनाया था। केंद्र सरकार ने जीएसटी कम किया और जश्न मनाया। यह भी वैसा ही है। भारत पर पहले टैरिफ 26 प्रतिशत था और इसे घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके लिए वे जश्न मना रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत को यह हुक्म दे रहे हैं कि देश उनसे फ्यूल खरीदे। वे भारत के प्रधानमंत्री को शर्तें बता रहे हैं। आप (भाजपा) इसका जश्न मना रहे हैं। कोई क्लैरिटी नहीं है और सरकार ने अभी तक यह नहीं बताया है कि भारत को असल में क्या फायदा हुआ है।”

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News