Sunday, February 22, 2026

करण सिंह ग्रोवर : मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव से टीवी इंडस्ट्री का सफर, कई अवॉर्ड भी किए अपने नाम


मुंबई, 22 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड इंडस्ट्री का स्टार बनने की चाहत हर किसी के दिल में होती है, लेकिन यह चाहत पूरी हो, जरूरी नहीं।

टेलीविजन इंडस्ट्री के कई स्टार्स ऐसे रहे, जिन्होंने छोटे पर्दे पर नाम बनाया, लेकिन बड़े पर्दे पर फ्लॉप रहे, लेकिन उससे उनकी फैन फॉलोइंग पर कोई फर्क नहीं पड़ा। हम बात कर रहे हैं करण सिंह ग्रोवर की, जो आज फिल्मों और ओटीटी पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

23 फरवरी को करण सिंह ग्रोवर का जन्म दिल्ली के सिख परिवार में हुआ। उनके परिवार का संबंध अंबाला से रहा। हालांकि अभिनेता की शुरुआती पढ़ाई सऊदी अरब के अल खोबर में हुई, लेकिन आगे की पढ़ाई के लिए उन्हें वापस मुंबई का रुख करना पड़ा। कम लोग जानते हैं कि अभिनेता मॉडल और सीरियल की दुनिया में कदम रखने से पहले गाने का शौक रखते थे और अपने कॉलेज के ‘द थाउज़ेंड डेसिबल्स’ नामक बैंड का हिस्सा भी थे।

करण जौहर के करियर की शुरुआत साल 2004 में हुई, जब उन्होंने ग्लैडरैग्स मेगा मॉडल हंट में भाग लिया और वे उस सीजन के सबसे पॉपुलर मॉडल के रूप में उभरे। मॉडलिंग करियर में लोकप्रियता हासिल करने के बाद करण ने कई ब्रांड के साथ विज्ञापन शूट किए, लेकिन स्थायी करियर के लिए मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव को चुना और ओमान में काम भी किया, लेकिन कहते हैं कि किस्मत जब आपका दरवाजा खटखटाती है तो पल-भर में सब कुछ बदल जाता है। ऐसा ही अभिनेता के साथ हुआ, जिन्हें पहला ही शो एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस से मिला।

‘कितनी मस्त है ज़िंदगी’ से करण को पहला ब्रेक मिला, लेकिन पॉपुलैरिटी नहीं। अभिनेता का किरदार दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ने में कामयाब नहीं रहा। लेकिन, डॉ. अरमान मलिक बनकर वह हर लड़की की पहली पसंद बन गए। सीरियल ‘दिल मिल गए’ में उनकी और जेनिफर विंगेट की लवस्टोरी को सबसे ज्यादा पसंद किया गया। अभिनेता ने अपने करियर में पॉपुलर फिल्मों में काम किया, लेकिन वे फिल्मों का चमकता सितारा बनना चाहते थे।

साल 2008 में वे ‘भ्रम’ नाम की फिल्म में दिखे। फिल्म के टाइटल की तरह फिल्म के अभिनेता का फिल्मी करियर भ्रम बनकर रह गया। जिसके बाद वे बिपाशा बसु के साथ अलोन और हेट स्टोरी में दिखे, लेकिन तीनों फिल्में ही सुपर फ्लॉप रहीं। लेकिन, अभिनेता का दिल बिपाशा बसु के साथ जुड़ गया था। कपल ने साल 2016 में शादी की। अभिनेता को आखिरी बार ‘वॉर’ में देखा गया। इसके अलावा, वे कई शॉर्ट फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। उनकी ‘चॉइस’ नाम की फिल्म को तो बेस्ट शॉर्ट फिल्म का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।

–आईएएनएस

पीएस/एबीएम


Related Articles

Latest News