Saturday, February 14, 2026

आरएसएस शताब्दी समारोह में पहुंचे बॉलीवुड के बड़े चेहरे, मोहन भागवत के विचारों से प्रेरित हुए करण जौहर


मुंबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देश के अलग-अलग राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में रविवार को बॉलीवुड से जुड़े कई स्टार्स को देखा गया। करण जौहर, रवि दुबे, शिल्पा शेट्टी और संगीतकार प्रीतम चक्रवर्ती समारोह का हिस्सा बने और उन्होंने संघ की विचारधारा से प्रेरणा ली।

समारोह में पहुंचे बॉलीवुड कंपोजर और गायक प्रीतम चक्रवर्ती ने कहा, “आज के कार्यक्रम में कई विषयों को शामिल किया गया और उन्हें सुनना बहुत ज्ञानवर्धक रहा। ऐसी कई बातें थीं, जो मुझे पहले नहीं पता थीं। मैं संगठन को हमारे आसपास हो रही इतनी सारी घटनाओं को उजागर करने के लिए बधाई देना चाहता हूं। मोहन भागवत ने हर चीज को अच्छे से समझाया और हर सवाल का जवाब भी बेहतरीन तरीके से दिया।”

करण जौहर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “आज आरएसएस शताब्दी समारोह में शामिल होकर मुझे बहुत आनंद आया। मोहन भागवत के विचार और आदर्श सुनना प्रेरणादायक था। बॉलीवुड हस्तियों को इतना समय देने के लिए हम उन्हें तहे दिल से धन्यवाद देते हैं। इस कार्यक्रम के आयोजन में शामिल सभी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद।”

उन्होंने कहा, “मोहन भागवत के विचारों से काफी कुछ सीखने को मिलता है, लेकिन साथ ही उनका सेंस ऑफ ह्यूमर कमाल है। हमने जितनी देर भी उनसे बात की, उस दौरान हम खूब हंसे भी।”

कार्यक्रम में बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी भी पहुंची, जहां मीडिया से बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा, “सबसे पहले, इस शताब्दी वर्ष पर हार्दिक बधाई। मैं मोहन भागवत की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं। मैं राष्ट्र के लिए काम करने के उनके संकल्प और समर्पण की बहुत प्रशंसा करती हूं, और मैं वास्तव में उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक हूं क्योंकि उनके विचार मुझे प्रेरित करते हैं। मैं देश की सेवा के कार्य को और ज्यादा मन लगाकर कर पाऊंगी। मेरा मानना है कि सभी को उनके जैसे विचार रखने चाहिए।”

आरएसएस शताब्दी समारोह में अभिनेता रवि दुबे को भी देखा गया। उन्होंने कहा, “आरएसएस को 100 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई। इन 100 वर्षों में संगठन ने राष्ट्र निर्माण और भारत को ग्लोबल लीडर के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मोहन भागवत की विचारधारा हर किसी को प्रेरित करती है, और मैं भी अपने सामर्थ्य के अनुसार समाज में अपना योगदान देने की कोशिश करूंगा।”

–आईएएनएस

पीएस/एबीएम


Related Articles

Latest News