बिहार के मधुबनी में दैनिक जागरण अख़बार से जुड़े एक पत्रकार को अपराधियों ने गोली मार दी. हालांकि पत्रकार प्रदीप मंडल फ़िलहाल दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति ख़तरे से बाहर बतायी जा रही है. स्थानीय पुलिस का कहना है कि प्रदीप ने अपने अख़बार में कुछ दिनों पूर्व उच्च स्थानीय शराब माफ़ियाओं के ख़िलाफ़ ख़बरें लिखी थीं और यह घटना उसी के प्रतिशोध का परिणाम है. ख़ुद घटना के बाद प्रदीप ने पुलिसवालों को दो स्थानीय शराब माफ़िया अशोक मंडल और सुशील मंडल का नाम भी बताया जो उनके ऊपर इस हमले के लिए ज़िम्मेदार हैं. लेकिन इस बयान के बाद प्रदीप बेहोश हो गए थे और उन्हें तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. पुलिस का कहना है कि एक बार होश में आने के बाद उनसे विस्तृत रूप से बयान ले कर इस मामले के आरोपियों की गिरफ़्तारी की जाएगी.
