झारखंड में पशु अवशेष की अफवाह से दो समुदाय आमने-सामने, पुलिस ने संभाली स्थिति


धनबाद, 23 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद स्थित बलियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंगियाटांड़ गांव में सोमवार को एक अफवाह के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

गांव के एक सुनसान इलाके में कथित रूप से प्रतिबंधित मांस का अवशेष मिलने की सूचना फैलते ही दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और माहौल देखते ही देखते तनावपूर्ण हो गया। देखते-देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए। नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थिति बिगड़ने लगी और टकराव की आशंका बढ़ गई।

इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ को उकसाने का प्रयास किया, जिससे हालात और अधिक संवेदनशील हो गए। सूचना मिलने पर बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कराने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन उग्र भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया।

इस दौरान थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की भी की गई और पुलिस टीम को घेरने की कोशिश हुई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से किए गए हल्के लाठीचार्ज के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भीड़ तितर-बितर हो गई। समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित बड़े टकराव को टाल दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरीय अधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए हैं।

प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। साथ ही, संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और भड़काऊ सूचनाओं पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। फिलहाल, इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

–आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी


Related Articles

Latest News