झारखंड विधानसभा ने मनाई 23वीं वर्षगांठ, सीएम हेमंत बोले – लोकतंत्र की महापंचायत को बचाना सबका दायित्व


रांची, 22 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि विधानसभा राज्य की सबसे बड़ी पंचायत होती है। यहां सिर्फ आम जन के लिए ही नहीं बल्कि राज्य के जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के लिए भी महापंचायत लगती है।

यहां से नीतियां बनती है। हजारों-लाखों लोग बड़ी उम्मीद के साथ यहां अपना जनप्रतिनिधि चुनकर भेजते हैं। इसके सही संचालन में पक्ष और विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। लोकतंत्र की इस महापंचायत को हर हाल में टूटने और किसी भी नुकसान से बचाना होगा।

मुख्यमंत्री बुधवार को झारखंड विधानसभा की 23वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि किसी भी राज्य की विधानसभा की गरिमा में पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समारोह में मनिका के विधायक रामचंद्र सिंह को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, सीएम हेमंत सोरेन और विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो के हाथों उत्कृष्ट विधायक का सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अलावा विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मियों, देश की सीमा पर एवं नक्सल अभियान में शहीद हुए तथा शांतिकाल में वीरता पदक प्राप्त झारखंड के बहादुर पुलिस कर्मियों एवं सैनिकों, पदक जीतने वाले खिलाड़ियों, झारखंड में 10वीं एवं 12वीं एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के टॉपर छात्र-छात्राओं, सामाजिक क्षेत्रों में बहुमूल्य योगदान देने वाले राष्ट्रपति पदक से सम्मानित व्यक्तियों एवं मिशन चन्द्रयान-3 में सम्मिलित झारखंड राज्य के वैज्ञानिकों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, बादल पत्रलेख, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी सहित कई विधायक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम


Related Articles

Latest News