Thursday, February 19, 2026

जेल से रिहा होने के बाद राजपाल यादव बोले- 'न्यायालय के फैसले का सम्मान करूंगा'


सहारनपुर, 18 फरवरी (आईएएनएस)। जेल से रिहा होने के बाद मशहूर हास्य अभिनेता राजपाल यादव अपने पैतृक घर पहुंचे, जहां उन्होंने आईएएनएस के साथ खास बातचीत की और सभी का आभार व्यक्त किया।

अभिनेता ने कहा, “अभी मैं मंगलवार को अपने घर पहुंचा और घर में फंक्शन चल रहे हैं। ये कार्यक्रम गुरुवार-शुक्रवार तक चलेंगे। इसके बाद मैं फिर से मीडिया से विस्तार से बात करूंगा।”

अभिनेता ने स्पष्ट करते हुए बताया कि केस से जुड़ी सभी कानूनी कार्रवाई उनके वकील भास्कर उपाध्याय सही से बताएंगे। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा न्यायालय की शरण में रहा हूं और आगे भी रहूंगा। हाईकोर्ट जो भी फैसला करेगा, उसका पूरी तरह पालन करूंगा।”

उन्होंने आगे बताया कि वे जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और सभी सवालों का जवाब देंगे। उन्होंने कहा, “मैं अपने सभी समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं और आईएएनएस के जरिए पूरे देश-दुनिया, सिनेमा जगत और आम लोगों तक संदेश पहुंचाना चाहता हूं कि जिन लोगों ने सोशल मीडिया या अन्य तरीकों से मेरा साथ दिया, आशीर्वाद दिया और मदद की, मैं उन्हें तहे दिल से धन्यवाद कहना चाहता हूं।”

राजपाल यादव ने आगे जोर देते हुए कहा, “मुझे हमेशा विश्वास था कि पूरा देश, भारतीय सिनेमा, और लाखों लोग मेरे साथ हैं। यह साथ जीवन भर रहेगा। भारतीय सिनेमा मेरी कर्मभूमि है। इसी के माध्यम से मुझे दुनिया भर में काम करने का मौका मिला। सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने मेरा साथ दिया, सबका शुक्रिया।”

बता दें कि चेक बाउंस मामले में अभिनेता तिहाड़ जेल में थे, जहां से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Related Articles

Latest News