जैकी श्रॉफ से लेकर मनोज मुंतशिर तक, हस्तियों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि


मुंबई, 23 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय इतिहास वीरों के शौर्य, त्याग और बलिदान की कहानियों से भरा हुआ है। ऐसे ही वीरों की याद में हम ‘शहीद दिवस’ मनाते हैं। यह दिन हमें भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के अद्भुत बलिदान की याद दिलाता है। इन वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की स्वतंत्रता के लिए अनमोल योगदान दिया।

शहीद दिवस के मौके पर कई हस्तियों ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से शहीदों को याद किया और उनके बलिदान को नमन किया। इस कड़ी में, अभिनेता जैकी श्रॉफ ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की तस्वीरें शामिल हैं। अभिनेता ने लिखा, “शहीद दिवस पर हम वीर सपूतों को याद करते हैं।”

वहीं, प्रसिद्ध गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी इंस्टाग्राम पर शहीदों की शहादत के लिए पंक्ति प्रस्तुत की। उन्होंने अपनी इन लाइनों से तिरंगे की गरिमा और शहीदों के बलिदान को बखूबी बयां किया। गीतकार ने लिखा, “जिसके लिए सरदार हमारा झूल गया था फंदे पर, धूल नहीं लगने दी हमने उस बेदाग तिरंगे पर।”

पूर्व क्रिकेटर और टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “प्रणाम शाहिदा नू कोटि कोटि प्रणाम।”

23 मार्च 1931 को, भारत के तीन महान युवा क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को अंग्रेजों ने निर्धारित समय से एक दिन पहले ही फांसी दे दी थी। तीनों ने ब्रिटिश राज के खिलाफ अपनी जान कुर्बान कर दी, ताकि हम आज आजादी की हवा में सांस ले सकें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘शहीद दिवस’ पर महान क्रांतिकारी अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को नमन किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के लिए उनका बलिदान हमारी सामूहिक स्मृति में सदैव अंकित रहेगा।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News