जबलपुर : पहचान छिपाकर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, सिक्योरिटी फर्म संचालक पर शोषण और गबन के आरोप


जबलपुर, 28 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में दो अलग-अलग मामलों ने सनसनी फैला दी है। एक ओर जहां पहचान छिपाकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर एक सिक्योरिटी फर्म संचालक पर कर्मचारियों के शोषण और वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं।

पहले मामले में आरोपी अब्दुल फराज खान ने ‘राहुल’ नाम से युवती से दोस्ती की और शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक उसका शोषण किया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे जबलपुर सहित अन्य शहरों में भी ले गया और वहां भी दुष्कर्म किया।

इतना ही नहीं, आरोपी ने अंतरंग पलों के वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी और लगातार ब्लैकमेल करता रहा। बाद में जब यह खुलासा हुआ कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है, तो युवती ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

मानसिक रूप से परेशान पीड़िता ने आत्महत्या तक का विचार किया, लेकिन वकीलों की सलाह पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ओमती पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं दूसरे मामले में ‘बाबा बर्फानी सिक्योरिटी’ फर्म के संचालक रितेश टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मदन महल पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि नगर निगम पहले ही इस फर्म को ब्लैकलिस्ट कर चुका है। रितेश टंडन पर कर्मचारियों के शोषण, गाली-गलौज, पीएफ जमा न करने और श्रम कानूनों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं। इसके अलावा फर्जी मजदूरों की हाजिरी लगाकर नगर निगम के खजाने से लाखों रुपए के गबन का मामला भी सामने आया है।

नगर निगम कमिश्नर ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं, जबकि पुलिस ने कहा है कि वेतन संबंधी विवाद के लिए कर्मचारी न्यायालय का रुख कर सकते हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/डीएससी


Related Articles

Latest News