नॉन-स्ट्राइकर एंड से टिम डेविड के छक्के देकना रोमांचक था: रजत पाटीदार


बेंगलुरु, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। रविवार को अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रन से हरा दिया। इस जीत के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक पारी खेलने वाले दाएं हाथ के बल्लेबाज टिम डेविड की जमकर तारीफ की।

मैच के बाद पाटीदार ने कहा, “अच्छे प्रदर्शन के बाद जीत हासिल करना हमेशा अच्छा लगता है। पिच पर गेंद शुरुआत में थोड़ा रुककर आ रही थी, लेकिन फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने जिस तरह पारी को संभाला, वह शानदार था। दोनों ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।”

पाटीदार ने कहा, “मिडिल और डेथ ओवर्स में टिम डेविड ने शानदार बल्लेबाजी की। वह एक स्पेशलिस्ट फिनिशर हैं और दुनिया के बेहतरीन फिनिशर्स में से एक हैं। नॉन-स्ट्राइकर एंड से डेविड के छक्के देखना बेहद रोमांचक था। मैं उनके 106 मीटर लंबे छक्के पर गेंद को बाहर जाते हुए देख रहा था। डेविड पिछले सीजन से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”

पाटीदार ने अपनी बल्लेबाजी पर कहा कि उनका माइंडसेट साफ था—जब तक वह क्रीज पर हैं, गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखना है। उन्होंने माना कि टिम डेविड का साथ मिलना उनके लिए फायदेमंद रहा।

आरसीबी के कप्तान ने अपने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा, “डफी ने शानदार आउटस्विंगर डालते हुए 2 विकेट लिए और टीम को ड्राइविंग सीट पर पहुंचा दिया। इसके बाद क्रुणाल ने अहम विकेट दिलाया। डेथ ओवर्स में भुवनेश्वर कुमार और अभिनंदन की यॉर्कर गेंदबाजी देखने लायक थी। रोमारियो शेफर्ड और सुयश शर्मा का भी योगदान अहम था। हमें अब अगले मैच का इंतजार है।”

मैच की बात करें तो आरसीबी ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए टिम डेविड के 25 गेंदों पर 8 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 70, रजत पाटीदार के 19 गेंदों पर 6 छक्कों और 1 चौका की मदद से बनाए नाबाद 48, देवदत्त पड्डिकल के 29 गेंदों पर बनाए 50, फिल साल्ट के 30 गेंदों पर 46 और विराट कोहली के 18 गेंदों पर 28 रन की मदद से 20 ओवर में 3 विकेट पर 250 रन बनाए थे।

बड़े लक्ष्य के दबाव में सीएसके की शुरुआत खराब रही और टीम गायकवाड़, सैमसन और म्हात्रे के विकेट 30 रन तक गंवा दिए। इन झटकों से टीम कभी उबरती हुई नहीं दिखी। सरफराज खान ने 25 गेंदों पर सर्वाधिक 50 रन की पारी खेली।

आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 3, जैकब डफी, अभिनंदन सिंह और क्रुणाल पांड्या ने 2-2 विकेट लिए। सुयश शर्मा को 1 विकेट मिला।

टिम डेविड प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News