इजरायल का दावा, 'हमले में हिज्बुल्लाह के रदवान यूनिट कमांडर समेत दो शीर्ष अफसरों की मौत'


तेल अवीव, 7 मई (आईएएनएस)। इजरायली सेना ने दावा किया है कि बेरूत पर किए गए हवाई हमले में हिज्बुल्लाह की रदवान यूनिट के कमांडर की मौत हो गई। वहीं गाजा में की गई एक स्ट्राइक में हमास लीडर का बेटा मारा गया।

इजरायली डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने बताया कि बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर बुधवार को किए गए हमले में हिज्बुल्लाह की रदवान यूनिट के कमांडर अहमद बलूत मारे गए। सेना ने यह भी कहा कि गुरुवार को इस हमले में नासेर यूनिट के इंटेलिजेंस विभाग के प्रमुख मोहम्मद अली बाजी और हिज्बुल्लाह के एयर डिफेंस ऑब्जर्वेशन ऑफिसर हुसैन हसन रोमानि भी मारे गए हैं।

इससे पहले, हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में तैनात इजरायली सैनिकों पर कई रॉकेट दागे थे। हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

अल जजीरा के मुताबिक, इजरायली सेना ने जवाबी कार्रवाई में हिज्बुल्लाह के 15 ठिकानों पर हमला किया है। इनमें हथियार भंडारण केंद्र भी शामिल बताए गए हैं।

ताजा आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक लेबनान पर इजरायली हमलों में कम से कम 2,715 लोगों की मौत हो चुकी है, 8,353 लोग घायल हुए हैं और 16 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं। यह देश की कुल आबादी का करीब पांचवां हिस्सा है।

द टाइम्स ऑफ इजरायल ने बताया कि, गाजा सिटी पर हुए इजरायली हमले में हमास के राजनीतिक ब्यूरो प्रमुख खलील अल हय्या के बेटे अज्जाम खलील अल हय्या की भी मौत हो गई।

इससे पहले हमास नेता खलील अल हय्या ने कहा था कि उनका बेटा इस हमले में घायल हुआ है। अब हमास के अधिकारी बासिम नईम ने इजरायली हमले में खलील अल-हय्या के बेटे के मारे जाने की पुष्टि कर दी है।

इजरायली हमले का शिकार हुई हय्या की ये चौथी औलाद थी। पिछले साल दोहा में हमास लीडरशिप को टारगेट करके किए गए इजरायली हमले में भी उनके एक बेटे की मौत हो गई थी। इससे पहले हय्या के दो और बेटे 2008 और 2014 में मारे गए थे।

–आईएएनएस

केआर/


Related Articles

Latest News