आईएसएल: स्टॉपेज टाइम में अजसल का गोल, ईस्ट बंगाल के खिलाफ केरल ब्लास्टर्स का रोमांचक ड्रॉ


नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। मोहम्मद अजसल के स्टॉपेज टाइम में किए गए शानदार हेडर गोल ने केरल ब्लास्टर्स एफसी को ईस्ट बंगाल एफसी के खिलाफ मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म करने में मदद की। शनिवार को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए सीजन के 31वें मैच के साथ केरल ब्लास्टर्स ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में अपना पहला प्वाइंट हासिल किया।

ईस्ट बंगाल के हेड कोच ऑस्कर ब्रूजोन ने शुरुआती लाइन-अप में कुछ अहम बदलाव किए। कप्तान सॉल क्रेस्पो और पीवी विष्णु को शुरुआती 11 खिलाड़ियों में शामिल किया गया। केरल ब्लास्टर्स के हेड कोच डेविड कैटाला ने चार बदलाव किए, उन्होंने विकास युमनाम, निहाल सुधीश, विक्टर बर्टोमेउ और मटियास हर्नांडेज की जगह क्रमशः संदीप सिंह, दानिश फारूक, फालू नदिये और एबिंदास येसुदासन को टीम में जगह दी।

खेल के 10वें मिनट में यूसुफ एजेजारी ने पेनाल्टी के जरिए घरेलू टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद अजसल ने स्टॉपेज टाइम (90+2′) में गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। ब्लास्टर्स के इस स्ट्राइकर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मेहमान टीम ने मैच की शुरुआत जोरदार तरीके से करते हुए घरेलू टीम पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा। हालांकि, उनकी लय तब टूट गई जब ईस्ट बंगाल ने खेल के 10वें मिनट में पहला गोल दागकर मैच का गतिरोध तोड़ दिया।

बॉक्स के अंदर एडमंड लालरिंदिका को गेंद मिली, जिन्होंने उसे यूसुफ एजेजारी की ओर बढ़ाया। इसी दौरान ऐबनभा डोहलिंग ने उन्हें गिरा दिया, जिस पर रेफरी ने तुरंत पेनाल्टी का इशारा किया। इसके बाद एजेजारी ने खुद पेनाल्टी ली और गोलकीपर को गलत दिशा में भेजते हुए गेंद को नेट में डालकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

शुरुआत में पिछड़ने के बावजूद, केरल ब्लास्टर्स ने लगातार आक्रमण जारी रखते हुए हाफ के शेष समय तक ‘रेड एंड गोल्ड’ टीम के डिफेंस को व्यस्त रखा।

दूसरे हाफ में घरेलू टीम ने दूसरा गोल करने के लिए काफी तेजी दिखाई, लेकिन ब्लास्टर्स का डिफेंस एजेजारी और मिगुएल फरेरा की खतरनाक आक्रमण जोड़ी को ज्यादातर समय तक शांत रखने में कामयाब रहा। ‘रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड’ के पास अपनी बढ़त बढ़ाने के कई मौके आए, जिसमें एक शानदार ‘ट्रेनिंग-ग्राउंड कॉर्नर रूटीन’ भी शामिल था। इसमें बासिम राशिद का पहला शॉट गोल से बस जरा-सा चूक गया।

मेजबान टीम ने अपनी एक गोल की मामूली बढ़त को बचाकर मैच का आखिरी क्वार्टर निकालने की कोशिश की, लेकिन ‘स्टॉपेज टाइम’ के आखिर में यह रणनीति उल्टी पड़ गई। 92वें मिनट में, एक कॉर्नर के दौरान ईस्ट बंगाल का डिफेंस अचानक ढीला पड़ गया। इसका फायदा उठाते हुए अजसल को ‘फ्री हेडर’ का मौका मिला और उन्होंने गेंद को प्रभसुखन गिल के पास से गोल में डालकर मैच बराबर कर दिया, जिससे उन्हें इस सीजन का अपना पहला प्वाइंट मिल गया।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News