आईआरजीसी ने शुरू किया 'ऑपरेशन नस्र', इजरायल के नेवतिम-तेल नोफ एयरबेस पर हमले का दावा


नई द‍िल्‍ली, 8 जून (आईएएनएस)। ईरान और इजरायल तनाव के बीच दोनों ही तरफ से घातक हमले जारी हैं। रव‍िवार रात से जारी हमलों ने एक बार फ‍िर से अशांत‍ि फैला दी है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने सोमवार को घोषणा की कि उसने कब्जे वाले इलाकों में मौजूद नेवतिम और तेल नोफ एयरबेस पर जवाबी हवाई हमले किए हैं।

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज के अनुसार, आईआरजीसी ने एक बयान में कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स के बहादुर जवानों ने सोमवार को ‘ऑपरेशन नस्र’ (ऑपरेशन विजय) शुरू किया। यह कार्रवाई इजरायल की सैन्य गतिविधियों के जवाब में की गई।

बयान में कहा गया, “यह ऑपरेशन बच्चों के हत्यारे जायोनिस्ट शासन (इजरायल) की ओर से ईरान के तीन अलग-अलग इलाकों में स्थित कई रडार ठिकानों पर किए गए मिसाइल हमलों के जवाब में किया गया।”

फार्स न्यूज के अनुसार, आईआरजीसी की यह कार्रवाई इजरायली शासन की ओर से युद्धविराम उल्लंघन के बाद की गई, ज‍िसमें ईरानी क्षेत्र के अंदर कुछ लक्ष्यों पर हवाई मार्ग से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया।

ईरानी सशस्त्र बलों ने रविवार रात इजरायल के कब्जे वाले इलाकों पर मिसाइलों की बौछार की। इजरायली मीडिया के अनुसार, कब्जे वाले गोलान हाइट्स, तिबेरियास, सफद, नाजरेथ, हाइफा और कई अन्य शहरों में सायरन बजने लगे।

ये घटनाएं लेबनान के खिलाफ इजरायली शासन की लगातार सैन्य कार्रवाई के जवाब में हुईं। इनमें प्रतिबंधित फॉस्फोरस बमों का इस्तेमाल और बेरूत के दक्षिणी उपनगर दाहियेह को निशाना बनाना भी शामिल था।

फार्स न्यूज के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि इजरायली सेना की कार्रवाई के जवाब में तेज प्रतिक्रिया देना और बड़ी संख्या में संभावित लक्ष्यों की पहचान करना इस चरण में शामिल महत्वपूर्ण कदमों में से था।

बयान के मुताबिक, “आईआरजीसी की सभी लड़ाकू और ऑपरेशनल इकाइयां बड़े पैमाने पर कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनका उद्देश्य दुश्मन को हर मोर्चे पर सबक सिखाना है। साथ ही, दुश्मन की संभावित रणनीतियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य योजनाएँ भी तैयार कर ली गई हैं।”

–आईएएनएस

एवाई/पीएम


Related Articles

Latest News