ईरान की स्टार फुटबॉलर ने ठुकराया विदेशी शरण का ऑफर, वापस अपने घर लौटने की जताई इच्छा


तेहरान, 11 मार्च (आईएएनएस)। ईरान की महिला नेशनल फुटबॉल टीम की स्टार मोहद्देसे जोल्फी ने विदेशी शरण के ऑफर ठुकरा दिया है। अब वह अपने वतन वापस लौटना चाहती हैं। इससे पहले मोहद्देसे जोल्फी ने ऑस्ट्रेलिया में शरण मांगी थी, लेकिन अब अपने फैसले को बदलकर वतन वापस लौटने की इच्छा जताई है।

ईरान की मशहूर महिला फुटबॉलर मोहद्देसे जोल्फी ने शुरू में ऑस्ट्रेलिया में शरण के लिए अप्लाई किया था, लेकिन उन्होंने अपने शरण का अनुरोध वापस ले लिया है।

ऑस्ट्रेलिया के होम अफेयर्स मिनिस्टर टोनी बर्क ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया को बताया है कि शरण का अनुरोध करने वाली दो ईरानी खिलाड़ियों में से एक ने अपना मन बदल लिया है।

टोनी बर्क ने कहा, “ईरानी महिला फुटबॉल टीम की जिन दो सदस्यों को शरण दी गई थी, उनमें से एक ने अपने फैसले पर पुनर्विचार किया है। अपनी टीम के साथियों से सलाह करने के बाद, उन्होंने ईरानी दूतावास से संपर्क किया। ऑस्ट्रेलिया में, लोग अपने फैसले बदलने के लिए आजाद हैं। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं।” इंटरनेशनल मीडिया रिपोर्ट्स में खिलाड़ी की पहचान मोहद्देसे जोल्फी के तौर पर की गई है।

उल्लेखनीय है कि बीते हफ्ते एएफसी एशियन कप 2026 के उद्घाटन मैच में ईरान की महिला फुटबॉल टीम ने साउथ कोरिया के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत से पहले इस्लामिक शासन का राष्ट्रगान गाने से इनकार कर दिया था। राष्ट्रगान के दौरान खिलाड़ी चुपचाप खड़ी रहीं। महिला खिलाड़ियों का यह कदम ईरान से जुड़ी मिलिट्री तनातनी और अंदरूनी अशांति के बाद उठाया गया था।

इसके बाद ईरान में कुछ लोगों ने टीम की आलोचना करते हुए खिलाड़ियों को सख्त सजा देने की मांग की थी। इसके बाद ईरानी महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

इसके बाद इस टीम के कुछ खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया सरकार ने मानवीय वीजा देकर अपने देश में रहने की इजाजत दी थी। इस वीजा के तहत ये ईरानी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में रहकर नौकरी के साथ पढ़ाई भी कर सकती थीं।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News