आईपीएल इतिहास के 5 सबसे बड़े स्कोर


नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जाना है। आईपीएल में आमतौर पर बल्लेबाजों का राज रहता है और इस लीग में जमकर चौके-छक्के लगते हैं। आइए आपको आईपीएल इतिहास के पांच सबसे बड़े स्कोर बताते हैं।

आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम है। हैदराबाद ने 15 अप्रैल 2024 को आरसीबी के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 287 रन लगाए थे। टीम की तरफ से ट्रेविड हेड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 102 रनों की लाजवाब पारी खेली थी, जबकि हेनरिक क्लासन ने 31 गेंदों में 67 रन बनाए थे।

इंडियन प्रीमियर लीग में दूसरा सबसे बड़ा टोटल भी सनराइजर्स हैदराबाद ने ही बनाया है। 23 मार्च 2025 को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 286 रन बनाए थे। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 106 रनों की लाजवाब पारी खेली थी, जबकि ट्रेविस हेड ने 67 रनों का योगदान दिया था।

25 मई 2025 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीता था। इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 278 रन बनाए थे। इस मैच में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे हेनरिक क्लासन ने 39 गेंदों में 105 रनों की तूफानी पारी खेली थी। वहीं, हेड ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 76 रन बनाए थे।

आपको जानकार शायद हैरानी होगी कि आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने बनाया है। 27 मार्च 2024 को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 277 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे। हेनरिक क्लासन ने 34 गेंदों में 80 रन बनाए थे, तो ट्रेविस हेड ने 24 गेंदों में 62 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी।

इंडियन प्रीमियर लीग में पांचवां सबसे बड़ा स्कोर कोलकाता नाइट राइडर्स ने साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए बनाया था। इस मुकाबले में केकेआर ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 272 रन बनाए थे। सुनील नरेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 85 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 27 गेंदों में 54 रन बनाए थे।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News