आईपीएल 2026: अगले कुछ मुकाबले नहीं खेल पाएंगे रोहित शर्मा, कप्तान हार्दिक ने की पुष्टि


मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया है कि इंजरी की वजह से रोहित शर्मा आईपीएल 2026 के अगले कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रोहित हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझते नजर आए थे और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा था।

हार्दिक पांड्या ने गुरुवार को वानखेड़े के मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में टॉस के वक्त रोहित शर्मा की इंजरी पर अपडेट दिया। उन्होंने बताया, “रोहित नहीं खेल रहे हैं, वह कुछ मुकाबलों में आराम करेंगे ताकि हम देख सकें कि उनकी हालत कैसी है।” कप्तान हार्दिक के बयान से संकेत मिल रहे हैं कि रोहित शायद चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और एमआई उन्हें मैदान पर उतराने में कोई जल्दबाजी नहीं दिखाना चाहती है।

रोहित को 12 अप्रैल को वानखेड़े के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी और 19 रन बनाने के बाद वह चोट के कारण रिटायर हर्ट हो गए थे। खबरों के मुताबिक, उनका स्कैन हुआ और पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के मैच से एक दिन पहले उन्होंने हल्की ट्रेनिंग और बैटिंग प्रैक्टिस की।

बुधवार को फ्रेंचाइजी ने बताया कि रोहित अभी भी मेडिकल स्टाफ और टीम मैनेजमेंट की देखरेख में हैं। रोहित मंगलवार को प्रैक्टिस सेशन में शामिल नहीं हुए और मैच से पहले की ट्रेनिंग के आखिर में थोड़ी देर के लिए मैदान पर आए। उनके दाहिने पैर पर पट्टी बंधी हुई थी। सेशन खत्म होने से ठीक पहले उन्होंने थोड़ी दौड़ लगाई और कुछ देर नेट्स में बल्लेबाजी की।

गुरुवार को छह आईपीएल खिताब जीतने वाले 38 साल के रोहित टीम के बाकी सदस्यों के साथ मैच से पहले के वार्म-अप रूटीन के लिए मैदान पर नहीं आए। वह सिर्फ टॉस से ठीक पहले जॉगर्स में मैदान पर आए, जिससे यह पक्का हो गया कि वह इस मुकाबले में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे। रोहित की गैरमौजूदगी में एमआई की प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए क्विंटन डी कॉक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। डी कॉक ने 60 गेंदों का सामना करते हुए 112 रनों की नाबाद पारी खेली।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News