लखनऊ, 7 मई (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच गुरुवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 50वां मुकाबला खेला जाना है। मैच देखने स्टेडियम पहुंचे फैंस को विराट कोहली से खासा उम्मीदें हैं। कुछ फैंस नेपाल से अपने पसंदीदा खिलाड़ी को देखने पहुंचे हैं।
एक नन्हे फैन ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “मैं यहां विराट कोहली को बल्लेबाजी करते देखने आया हूं। कोहली मेरे आदर्श हैं। मुझे उम्मीद है कि आरसीबी इस मुकाबले को अपने नाम करेगी।”
एक फैन ने बताया, “हम नेपाल से विराट कोहली को देखने आए हैं। हम विराट कोहली के बहुत बड़े फैन हैं। उम्मीद है कि आरसीबी इस मैच को अपने नाम करेगी। निश्चित रूप से आरसीबी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेगी।”
आरसीबी के एक फैन ने शायराना अंदाज में कहा, “हर फूल गुलाब नहीं होता, हर प्लेयर विराट नहीं होता, कवर ड्राइव तो सभी मारते हैं, लेकिन सभी की कवर ड्राइव विराट जैसी नहीं होती। ये लड़का भी एक शौक पाला है, अगर कोई पूछे तो बता देना ये लड़का आरसीबी वाला है।”
आईपीएल 2026 में विराट कोहली 9 मुकाबलों में 54.14 की औसत के साथ 379 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं। कोहली आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 276 मुकाबलों में 9,040 रन जुटाए हैं। इस दौरान कोहली 8 शतक और 66 अर्धशतक लगा चुके हैं।
आरसीबी 9 में से 6 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर मौजूद है। इस मुकाबले को जीतकर आरसीबी प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहेगी। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स 9 में से 7 मैच गंवाकर सबसे अंतिम पायदान पर है। इस टीम के लिए प्लेऑफ में पहुंचना बेहद मुश्किल है, लेकिन एलएसजी अपने अंतिम मुकाबलों में दमदार खेल दिखाकर फैंस का दिल जीतना चाहेगी।
फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) 11 में से 7 मैच जीतकर 14 अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) 10 में से 6 मुकाबले अपने नाम करते हुए 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। चौथे पायदान पर मौजूद राजस्थान रॉयल्स 10 में से 6 मैच जीत चुकी है। इस टीम के पास 12 अंक हैं।
–आईएएनएस
आरएसजी
