आईपीएल 2026: कगिसो रबाडा ने इतिहास रचा, 'पावरप्ले' में कभी न हुआ था ऐसा


धर्मशाला, 26 मई (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा आईपीएल के एक सीजन में ‘पावरप्ले’ के दौरान सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए हैं।

मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के ‘क्वालीफायर-1’ में रबाडा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर वेंकटेश अय्यर को कप्तान शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया।

यह आईपीएल 2026 में पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) के दौरान कगिसो रबाडा का 18वां विकेट था। इसी के साथ उन्होंने मोहम्मद शमी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2023 में पावरप्ले के दौरान 17 विकेट हासिल किए थे। मिशेल जॉनसन (2013) और ट्रेंट बोल्ट (2020) इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने एक ही सीजन में पावरप्ले के दौरान 16-16 विकेट हासिल किए थे।

कगिसो रबाडा ने क्वालीफायर-1 में जीटी के खिलाफ 2 विकेट हासिल किए, जिसके साथ इस सीजन उनके विकेटों की संख्या 26 पहुंच गई है।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए। इस टीम के लिए कप्तान रजत पाटीदार ने 33 गेंदों में 9 छक्कों और 5 चौकों के साथ 93 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने 43-43 रन टीम के खाते में जुटाए। विपक्षी खेमे से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट निकाले। प्रसिद्ध कृष्णा के हाथ 1 विकेट लगा।

क्वालीफायर-1 जीतने वाली टीम 31 मई को खेले जाने वाले फाइनल का टिकट हासिल करेगी, जबकि इस मैच को गंवाने वाली टीम 29 मई को क्वालीफायर-2 खेलेगी, जहां उसका सामना एलिमिनेटर मैच के विजेता से होगा।

गुजरात टाइटंस इस मुकाबले में साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ उतरी है।

वहीं, रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम डार के साथ यह मैच खेल रही है।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News