नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अब तक 32 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस दौरान 4 बल्लेबाजों ने शतक लगाए हैं, जिनमें एक-एक खिलाड़ी सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके), जबकि दो खिलाड़ी मुंबई इंडियंस (एमआई) से हैं। आइए, इनके बारे में जानते हैं।
अभिषेक शर्मा (135 रन): बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 21 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की ओर से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 10 छक्के और इतने ही चौके निकले। अभिषेक की इस पारी के दम पर एसआरएच ने 2 विकेट खोकर 242 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 195 रन ही बना सकी। एसआरएच ने मुकाबला 47 रन से अपने नाम कर लिया।
संजू सैमसन : चेन्नई सुपर किंग्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने बतौर ओपनर 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध 56 गेंदों में 4 छक्कों और 15 चौकों के साथ 115 रन की नाबाद पारी खेली थी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ सीएसके ने 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 189 रन पर सिमट गई। सीएसके ने मुकाबला 23 रन से अपने नाम किया।
तिलक वर्मा: मुंबई इंडियंस (एमआई) की टीम 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस (जीटी) के विरुद्ध 96 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ नाबाद 101 रन की पारी खेलते हुए टीम को 199/5 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में जीटी 15.5 ओवरों में महज 100 रन पर सिमट गई। एमआई ने मुकाबला 99 रन से अपने नाम किया।
क्विंटन डी कॉक: रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में क्विंटन डी कॉक को मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन में बतौर सलामी बल्लेबाज मौका मिला। इस सीजन के अपने पहले ही मैच में क्विंटन ने 60 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 112 रन की नाबाद पारी खेली, जिसकी मदद से एमआई ने 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए। हालांकि, संजू की ये पारी टीम के काम नहीं आ सकी। पंजाब किंग्स ने 16.3 ओवरों में जीत दर्ज कर ली।
–आईएएनएस
आरएसजी
