इंस्टामार्ट के सीईओ अमितेश झा ने इस्तीफा दिया, नंदिता सिन्हा होंगी नई प्रमुख

[ad_1]

202607283881178

नई दिल्ली, 28 जुलाई (केसरिया न्यूज़)। फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी स्विगी ने अपने क्विक कॉमर्स कारोबार इंस्टामार्ट में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन किया है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमितेश कुमार झा ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके स्थान पर मिंत्रा की पूर्व सीईओ नंदिता सिन्हा को इंस्टामार्ट का नया सीईओ नियुक्त किया गया है। वह 3 अगस्त 2026 से अपना कार्यभार संभालेंगी।

कंपनी के अनुसार, अमितेश कुमार झा ने 28 जुलाई को अपना इस्तीफा सौंपा और तत्काल प्रभाव से स्विगी के सीनियर मैनेजमेंट पर्सनेल (एसएमपी) का हिस्सा नहीं रहे। उन्होंने कंपनी छोड़ने का फैसला अन्य पेशेवर अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए लिया है।

स्विगी ने अपने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कंपनी उनके योगदान और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करती है। इंस्टामार्ट के विस्तार के महत्वपूर्ण दौर में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

नंदिता सिन्हा इससे पहले मिंत्रा की सीईओ रह चुकी हैं। उनके पास उपभोक्ता कारोबार से जुड़े क्षेत्रों में दो दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने मिंत्रा के अलावा फ्लिपकार्ट, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) जैसी बड़ी कंपनियों में भी वरिष्ठ नेतृत्व की जिम्मेदारियां निभाई हैं। फैशन, ई-कॉमर्स और एफएमसीजी सेक्टर में उनका व्यापक अनुभव उन्हें भारत के उपभोक्ता इंटरनेट कारोबार की सबसे अनुभवी अधिकारियों में शामिल करता है।

यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब स्विगी में लिस्टिंग के बाद लगातार कई बड़े नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिले हैं। हाल के महीनों में कंपनी सचिव और अनुपालन अधिकारी एम. श्रीधर, स्वतंत्र निदेशक साहिल बरुआ, नामित निदेशक सुमेर जुनेजा, आनंद डेनियल और रोजर क्लार्क रबलैस, सह-संस्थापक लक्ष्मी नंदन रेड्डी ओबुल के साथ-साथ इंस्टामार्ट के वरिष्ठ अधिकारी अंकित जैन और हरि कुमार भी कंपनी छोड़ चुके हैं।

स्विगी ग्रुप के सीईओ श्रीहर्ष मजेटी ने नंदिता सिन्हा की नियुक्ति पर कहा कि वह भारत की सबसे सफल उपभोक्ता इंटरनेट लीडर्स में से एक हैं। ग्राहकों की जरूरतों की गहरी समझ और संचालन में उनकी विशेषज्ञता इंस्टामार्ट को विकास के अगले चरण तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने अमितेश झा के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में इंस्टामार्ट ने महत्वपूर्ण बदलावों का दौर देखा। उन्होंने ‘नोइस’ जैसी पहलों को आगे बढ़ाया, इंस्टामार्ट की अलग पहचान मजबूत की और कारोबार के योगदान मार्जिन में सुधार लाने में अहम भूमिका निभाई।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News