Tuesday, February 10, 2026

भारत का खुदरा वाहन बाजार जनवरी में 17 प्रतिशत से अधिक बढ़ा, ग्रामीण इलाकों में मांग में इजाफा


नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। भारत का कुल खुदरा वाहन बाजार जनवरी में सालाना आधार पर 17.61 प्रतिशत बढ़कर 27,22,558 यूनिट्स पर पहुंच गया है। इसकी वजह दोपहिया वाहनों और यात्री वाहनों की मांग में इजाफा होना है। यह जानकारी मंगलवार को फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) की ओर से दी गई।

फाडा ने बयान में कहा कि यात्री वाहनों की बिक्री जनवरी में 7.22 प्रतिशत बढ़कर 5,13,475 यूनिट्स हो गई है। कुल बिक्री में शहरी इलाकों की हिस्सेदारी 59.2 प्रतिशत रही है।

ग्रामीण इलाकों में यात्री वाहनों की रिटेल बिक्री सालाना आधार पर 14.43 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं, शहरी इलाकों में यात्री वाहनों की बिक्री 2.75 प्रतिशत बढ़ी है, जो दिखाता है कि ग्रामीण इलाकों में मांग में तेजी से इजाफा हो रहा है।

फाडा के अध्यक्ष सीएस विघ्नेश्वर ने कहा,”जीएसटी में कमी के साथ फसल कटाई के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत नकदी प्रवाह और शादियों के सीजन से यात्री वाहनों और माल ढुलाई के वाहनों की मांग मजबूत बनी हुई है।

डीलरों से मिले फीडबैक के मुताबिक, गाड़ियों की पूछताछ में तेजी देखी जा रही है और ग्राहकों की रुचि हाई-वैल्यू वाले मॉडल्स की तरफ बढ़ी है।

उन्होंने आगे कहा कि पोंगल या मकर संक्रांति और विवाह सीजन के के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री मजबूत बनी हुई है।

फाडा ने बताया कि दोपहिया वाहनों की बिक्री में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई, जिनकी संख्या 18,52,870 यूनिट थी, यह पिछले वर्ष की तुलना में 20.82 प्रतिशत अधिक है। दोपहिया वाहनों में ग्रामीण क्षेत्रों की हिस्सेदारी लगभग 56 प्रतिशत रही। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 1,07,486 यूनिट रही, जो 15.07 प्रतिशत अधिक है। इनमें हल्के वाणिज्यिक वाहनों की 65,505 यूनिट और भारी वाणिज्यिक वाहनों की 34,287 यूनिट शामिल हैं, दोनों की बिक्री में लगभग 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

फाडा ने कहा कि फरवरी में बाजार का माहौल काफी सकारात्मक है, जिसे अनुकूल मैक्रोइकॉनॉमिक्स और डीलरों के जमीनी स्तर पर बढ़ते भरोसे का समर्थन प्राप्त है। 72.56 प्रतिशत डीलरों को वृद्धि की उम्मीद है, जबकि केवल 4.51 प्रतिशत डीलरों को गिरावट की आशंका है।

–आईएएनएस

एबीएस/


Related Articles

Latest News