नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। भारत की अंडर-17 मेंस नेशनल टीम के हेड कोच बिबियानो फर्नांडिस ने शुक्रवार को सऊदी अरब में होने वाले एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2026 के लिए 23 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। ‘ब्लू कोल्ट्स’ (भारतीय टीम) अभी दोहा (कतर) में हैं, जहां उन्होंने कतर के साथ दो दोस्ताना मैच खेले। यह टीम 3 मई को सऊदी अरब के जेद्दा के लिए रवाना होगी।
‘ग्रुप-डी’ में भारत को ऑस्ट्रेलिया और उज्बेकिस्तान के साथ शामिल किया गया है। भारतीय टीम 6 मई को ऑस्ट्रेलिया और 10 मई को उज्बेकिस्तान के साथ खेलेगी। इस ग्रुप की चौथी टीम, रिपब्लिक ऑफ कोरिया टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले चुकी है। ऐसे में अब यह तीन टीमों का ग्रुप रह गया है।
इस ग्रुप से टॉप-2 टीमें क्वार्टर-फाइनल में पहुंचेंगी, जिससे फीफा अंडर-17 विश्व कप कतर 2026 के लिए भी क्वालिफिकेशन पक्का होगा।
इस बीच, भारतीय अंडर-17 पुरुष टीम ने एएफसी अंडर-17 एशियन कप सऊदी अरब 2026 की तैयारियों के तहत कई दोस्ताना मैच खेले हैं। हाल ही में, भारत की अंडर-17 टीम ने 17 और 21 अप्रैल को थाईलैंड के समुत प्राकान में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ दो दोस्ताना मैच खेले थे। भारत ने पहला दोस्ताना मैच 1-0 से जीता, लेकिन अगले मैच में 1-5 से हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले, मार्च में, बिबियानो फर्नांडिस की टीम ने थाईलैंड के लोपबुरी में थाईलैंड (2-2 से ड्रॉ), इंडोनेशिया (3-0 से जीत) और रिपब्लिक ऑफ कोरिया (1-2 से हार) के खिलाफ तीन दोस्ताना मैच खेले थे। इन मुकाबलों के बाद, ‘ब्लू कोल्ट्स’ ने कोलकाता में अपना ट्रेनिंग कैंप जारी रखा।
एएफसी अंडर-17 एशियन कप सऊदी अरब 2026 के लिए भारतीय टीम:
गोलकीपर: आलोक निषाद, मनशज्योति बरुआ, राजरूप सरकार।
डिफेंडर: अभिषेक कुमार मंडल, इंद्र राणा मगर, कोरू मेइतेई कोंथौजम, लॉमसांगजुआला, लेसविन रेबेलो, एमडी ऐमान बिन, शुभम पूनिया।
मिडफील्डर: डल्लालमुऑन गैंगटे, डेनी सिंह वांगखेम, डायमंड सिंह थोकचोम, मूसा आशिक सोफी, नितीशकुमार मैतेई येंगखोम।
फॉरवर्ड: आदिल अमान ए, अजलान शाह, गुनलेइबा वांगखीराकपम, हीरंगनबा सेराम, रहान अहमद, राज सिंह वाहेंगबाम, वाशिंगटन सिंह नगांगोम, युवराज कदम।
–आईएएनएस
आरएसजी
