मुंबई, 22 अप्रैल (केसरिया न्यूज़)। मध्य पूर्व में जारी संघर्षों के बीच वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के चलते हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ।
बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 756.84 अंकों यानी 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78,516.49 पर ट्रेड करते नजर आया, तो वहीं एनएसई निफ्टी50 198.50 (0.81 प्रतिशत) अंक फिसलकर 24,378.10 पर पहुंच गया।
दिन के कारोबार में सेंसेक्स 79,019.34 पर खुलकर 831 अंक यानी 1 प्रतिशत गिरकर 78,442.30 के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 24,470.85 पर खुलकर 224 अंक या 0.9 प्रतिशत गिरकर अपने 24,352.90 के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया।
इस दौरान, व्यापक बाजार सूचकांक प्रमुख बेंचमार्कों से बेहतर प्रदर्शन करते नजर आए और हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में जहां 1.13 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली, वहीं निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.19 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी मीडिया, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मेटल, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी फार्मा में तेजी देखने को मिली।
वहीं इसके विपरीत निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा 3.89 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.87 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.73 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो में 0.66 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।
निफ्टी50 पैक में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, एचयूएल, एनटीपीसी, टीएमपीवी, हिंडाल्को, अदाणी इंटरप्राइजेज, इटरनल और नेस्ले इंडिया के शेयरों में 3-1 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली, और ये टॉप गेनर्स में शामिल रहे। वहीं, इसके विपरीत एचसीएल टेक के शेयरों में सबसे ज्यादा 10.74 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही इंफोसिस, एमएंडएम, टीसीएस, टेक महिंद्रा, बजाज-ऑटो, मैक्सहेल्थ, एचडीएफसी लाइफ और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी 3-1.5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
घरेलू बाजार में यह गिरावट अमेरिकी-ईरान युद्धविराम को लेकर सतर्कता और होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी जारी रहने के कारण आई।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया और राजनयिक प्रयासों के जारी रहने के साथ-साथ होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी भी बरकरार रखी। इस बीच, अमेरिकी-ईरान शांति वार्ता के लिए उपराष्ट्रपति जेडी वैंस की पाकिस्तान यात्रा स्थगित कर दी गई।
–केसरिया न्यूज़
