बैंकॉक, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारत ने बुधवार को एशिया कप तीरंदाजी स्टेज 1 टूर्नामेंट में 2 ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए। भारत ने ये पदक एसएटी फुटबॉल स्टेडियम में रिकर्व महिला टीम और कंपाउंड पुरुष टीम स्पर्धाओं में जीते।
रूमा बिस्वास, कीर्ति और रिद्धि की महिला रिकर्व तिकड़ी ने मलेशिया पर 5-1 से शानदार जीत दर्ज करते हुए पोडियम पर जगह बनाई। इससे पहले, टीम क्वालिफिकेशन राउंड में 1,915 के कुल स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रही थी। इस दौरान रूमा ने 650 अंक, कीर्ति ने 638 और रिद्धि ने 627 अंक हासिल किए।
उनके अभियान में क्वार्टर-फाइनल में चीनी ताइपे के खिलाफ 6-2 की जीत शामिल थी, लेकिन सेमीफाइनल में भारतीय टीम को पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हाथों 5-1 से हार का सामना करना पड़ा।
भारत का दूसरा कांस्य पदक कंपाउंड पुरुष टीम के खाते में आया। इस टीम में रजत चौहान, उदय कंबोज और ऋषभ यादव शामिल थे। भारतीय टीम ने एक कड़े मुकाबले वाले प्लेऑफ में भूटान को 234-232 से हराया।
भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम ने क्वालिफिकेशन चरण में अपना दबदबा बनाए रखा और 2126 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। रजत चौहान ने 712 अंकों के साथ सबसे आगे रहे, उनके बाद ऋषभ यादव (708) और उदय कंबोज (706) का स्थान रहा।
भारतीय तिकड़ी ने इससे पहले क्वार्टर-फाइनल में चीनी ताइपे को 238-228 से हराया था, लेकिन सेमीफाइनल में वियतनाम के खिलाफ वे सिर्फ एक अंक (234-233) से पीछे रह गई।
भारत कई श्रेणियों में पदक जीतने की दौड़ में मजबूती से बना हुआ है। मिश्रित टीम (मिक्स्ड टीम) प्रतियोगिताएं गुरुवार को निर्धारित हैं, जिसमें भारतीय जोड़ियां रिकर्व और कंपाउंड दोनों स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी।
देश ने पहले ही कुछ और पदकों की गारंटी सुनिश्चित कर ली है। महिला कंपाउंड टीम (चिकिता तनिपार्थी, राज कौर और तेजल राजेंद्र साल्वे) और पुरुष रिकर्व टीम (देवांग गुप्ता, सुखचैन सिंह और जुएल सरकार) दोनों ही शुक्रवार को कजाकिस्तान के खिलाफ अपने-अपने गोल्ड मेडल मुकाबलों में पहुंच गई हैं।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में, तेजल राजेंद्र साल्वे महिलाओं की कंपाउंड कैटेगरी में कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगी, जबकि पुरुषों की कंपाउंड स्पर्धा भारतीयों के बीच होगी, जिसमें प्रथमेश जवकर का मुकाबला उदय कंबोज से होगा। इस बीच, रिद्धि फोर महिलाओं के रिकर्व इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल के लिए जोर आजमाइश करेंगी। हालांकि, भारत पुरुषों की रिकर्व व्यक्तिगत पदक राउंड में शामिल नहीं होगा।
आठ पुरुषों और आठ महिलाओं वाली 16-सदस्यीय भारतीय टीम इस कॉन्टिनेंटल मीट में रिकर्व और कंपाउंड दोनों विधाओं में प्रतिस्पर्धा कर रही है।
–आईएएनएस
आरएसजी
