Tuesday, February 10, 2026

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लोकतंत्रीकरण पर होगा


नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। भारत दुनिया के सबसे बड़े एआई इवेंट्स में एक ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ को आयोजित करने जा रहा है। इसका फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई)के लोकतंत्रीकरण पर होगा, जिससे समावेशी विकास के साथ-साथ इनोवेशन को भी बढ़ावा दिया जा सके। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को दी गई।

बयान में आगे कहा गया कि किफायतीपन, पारदर्शिता और विश्वास पर ध्यान केंद्रित करने से यह सुनिश्चित होता है कि एआई के लाभ किसानों, छात्रों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप और सार्वजनिक संस्थानों तक समान रूप से पहुंचें।

बयान में सरकार ने कहा कि हमारी सोच स्पष्ट है। एआई का लोकतंत्रीकरण एक बार की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर प्रतिबद्धता है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि तकनीकी प्रगति समाजों को सशक्त बनाए, असमानताओं को कम करे और सभी के लिए सतत विकास का समर्थन करे।

कई देशों के लिए, विशेष रूप से वैश्विक दक्षिण के देशों के लिए, एआई का लोकतंत्रीकरण बुनियादी संसाधनों जैसे डेटा, कंप्यूटिंग और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर तक निष्पक्ष और किफायती पहुंच पर निर्भर करता है।

इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 सामूहिक जुड़ाव के लिए एक मंच प्रदान करता है, जिसमें 15 से 20 राष्ट्राध्यक्ष, 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय नेका और 100 से अधिक वैश्विक और भारतीय सीएक्सओ एक साथ आएंगे।

इसमें चर्चाएं चक्रों या कार्य समूहों के माध्यम से आयोजित की जाती हैं, जो सात परस्पर जुड़े विषयगत क्षेत्रों पर आधारित हैं।

बयान में आगे कहा गया, “इनमें से, एआई संसाधनों के लोकतंत्रीकरण पर कार्य समूह एक महत्वपूर्ण पहल है। भारत, मिस्र और केन्या की सह-अध्यक्षता में, यह समूह साझा पहुंच, सहयोग और क्षमता निर्माण के माध्यम से अधिक समावेशी और संतुलित वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए देशों और हितधारकों को एक साथ लाता है।”

समान पहुंच, सहयोग और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देकर, एआई संसाधनों के लोकतंत्रीकरण पर कार्य समूह एक ऐसे भविष्य का समर्थन करता है जहां सभी देश समावेशी विकास और सतत विकास को आगे बढ़ाने वाले तरीकों से एआई का उपयोग कर सकें।

एआई के लोकतंत्रीकरण के लिए यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि एआई को शक्ति प्रदान करने वाला मूलभूत ढांचा खुला, किफायती और व्यापक रूप से सुलभ हो।

इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में किया जाएगा।

ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाली यह पहली ग्लोबल एआई समिट, समावेशी विकास, शासन और सतत विकास के लिए एआई की परिवर्तनकारी क्षमता को प्रदर्शित करने और उस पर विचार-विमर्श करने के लिए वैश्विक नेताओं, नीति निर्माताओं, प्रौद्योगिकी कंपनियों, नवोन्मेषकों और विशेषज्ञों को एक साथ लाएगा।

–आईएएनएस

एबीएस/


Related Articles

Latest News