यादों में मन्ना डे: स्कूल में संगीत के टॉपर से हिंदी सिनेमा के स्वर्ण युग तक, सचिन देव बर्मन के सहायक बनकर शुरू की संगीत की यात्रा


मुंबई, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा जगत में कई नायाब सितारे हुए, जिनकी कला के गायन, संगीत, अभिनय समेत अन्य रूप आज भी प्रशंसकों के दिलों में जिंदा है। मन्ना डे न केवल एक बेहतरीन गायक बल्कि शास्त्रीय संगीत को पॉपुलर और फिल्मी संगीत में कुशलतापूर्वक ढालने के लिए भी जाने जाते हैं।

मन्ना डे का जन्म 1 मई 1919 को कोलकाता में हुआ था। उनका असली नाम प्रबोध चंद्र डे था। संगीत की दुनिया में वह मन्ना डे के नाम से प्रसिद्ध हुए। मन्ना डे पर उनके चाचा प्रसिद्ध संगीतकार कृष्णचंद्र डे (केसी डे) का गहरा प्रभाव था। उन्होंने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपने चाचा और उस्ताद दाबिर खान से प्राप्त की। स्कूल में मन्ना डे संगीत के टॉपर छात्र थे। उन्होंने इंदु बाबुर पाठशाला में प्रारंभिक शिक्षा ली और बाद में कोलकाता के स्कॉटिश चर्च कॉलेजिएट स्कूल में पढ़ाई की। उन्होंने विद्यासागर कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। स्कूल और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वह हमेशा आगे रहते थे।

स्कूली दिनों के गायन प्रतियोगिताओं में वह लगातार तीन वर्ष तक प्रथम स्थान पर रहे। साल 1942 में मन्ना डे अपने चाचा केसी डे के साथ मुंबई आ गए। यहां उन्होंने शुरू में अपने चाचा के सहायक के रूप में काम किया और बाद में महान संगीतकार सचिन देव बर्मन के सहायक बन गए। मुंबई में संगीत की उनकी यह शुरुआत काफी संघर्षपूर्ण रही, लेकिन उनकी मेहनत और प्रतिभा ने उन्हें आगे बढ़ाया।

मन्ना डे ने स्वतंत्र संगीतकार के रूप में आई पहली फिल्म ‘महापूजा’ के लिए संगीत दिया। इसके बाद उन्होंने ‘घर घर की बात’, ‘शिव कन्या’, ‘कमला’, ‘जय महादेव’, ‘विश्वामित्र’ जैसी कई फिल्मों में संगीत रचा। फिल्म ‘तमाशा’ में उन्होंने खेमचंद प्रकाश और एस.के. पाल के साथ संगीत दिया। हालांकि, संगीतकार के रूप में काम करने के बावजूद मन्ना डे पार्श्व गायक के रूप में ज्यादा लोकप्रिय हुए। उन्होंने साल 1942 में फिल्म ‘तमन्ना’ से पार्श्व गायन शुरू किया। फिल्म ‘मशाल’ में सचिन देव बर्मन के लिए गाया उनका गीत “ऊपर गगन विशाल…” बेहद प्रसिद्ध हुआ।

मन्ना डे ने उस्ताद अमान अली खान और उस्ताद अब्दुल रहमान खान से शास्त्रीय संगीत की गहराई सीखी। वह शास्त्रीय रागों पर आधारित गीतों को बेहद सहजता से गाते थे। उन्होंने राज कपूर के लिए “ये रात भीगी भीगी, ये मस्ती बिदाएं”, बलराज साहनी के लिए “ऐ मेरी जोहरा जबीं” और “धरती कहे पुकार के” जैसे कालजयी गीत गाए। उन्होंने लता मंगेशकर, आशा भोसले, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और मुकेश जैसे महान गायकों के साथ कई यादगार युगल गीत गाए।

खास बात है कि मन्ना डे ने हिंदी के अलावा बांग्ला, मराठी, गुजराती, पंजाबी, उड़िया समेत कई भाषाओं में गीत गाए। साहित्यकार हरिवंश राय बच्चन की कृति ‘मधुशाला’ को उन्होंने अपने स्वर से जीवंत किया। उन्हें भारत सरकार ने पद्मश्री, पद्मभूषण और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया।

24 अक्टूबर 2013 को मन्ना डे का निधन हो गया।

–आईएएनएस

एमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News