नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आर्मेनिया की सशस्त्र सेनाओं के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान से मुलाकात की।
इस दौरान दोनों के बीच मौजूदा वैश्विक रणनीतिक हालात, रक्षा सहयोग को मजबूत करने, सैन्य सहयोग बढ़ाने और आपसी हितों वाले क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर बातचीत हुई।
भारतीय सेना के एडीजीपीआई (भारतीय सेना के अतिरिक्त जन सूचना महानिदेशालय) ने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर बताया, “लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान ने सीओएएस जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। बातचीत में मौजूदा रणनीतिक हालात, भारत-आर्मेनिया रक्षा सहयोग को मजबूत करने, सैन्य साझेदारी बढ़ाने और आपसी हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग पर ध्यान दिया गया।”
इस समय भारत के आधिकारिक दौरे पर आए लेफ्टिनेंट जनरल अस्रयान ने इससे पहले रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से भी मुलाकात की थी, जिसमें रक्षा सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
आर्मेनिया के रक्षा मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत दौरे के दौरान आर्मेनिया के रक्षा उपमंत्री और सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान ने भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर बातचीत हुई।”
इससे पहले मंगलवार को लेफ्टिनेंट जनरल अस्रयान ने भारतीय वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से भी मुलाकात की। इस बैठक में ऑपरेशनल सहयोग बढ़ाने, आपसी तालमेल (इंटर-ऑपरेबिलिटी) मजबूत करने और वायु सेना के स्तर पर संबंध बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।
भारतीय वायु सेना के मीडिया कोऑर्डिनेशन सेंटर ने ‘एक्स’ पर बताया, “लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान ने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से मुलाकात की। बातचीत में ऑपरेशनल सहयोग, आपसी तालमेल और द्विपक्षीय वायु शक्ति संबंधों को मजबूत करने पर फोकस रहा।”
आर्मेनिया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में भी रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा, लेफ्टिनेंट जनरल अस्रयान ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान से भी मुलाकात की। दोनों ने मिलकर सैन्य उपकरणों के विकास में संयुक्त परियोजनाओं की संभावनाओं पर बात की।
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
