अमेरिका-ईरान युद्ध का असर! बीते एक महीने में पेट्रोल और डीजल करीब 7.5 रुपए हुआ महंगा, कमर्शियल एलपीजी के दाम भी बढ़े

नई दिल्ली, 2 जून (केसरिया न्यूज़)। अमेरिका-ईरान युद्ध का असर देश की आम जनता पर भी देखने को मिल रहा है। इससे बीते एक महीने में पेट्रोल का दाम 7.35 रुपए प्रति लीटर और डीजल का दाम 7.53 रुपए प्रति तक बढ़ गया है।

इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से चार बार 15, 19, 23 और 25 मई को ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की गई, जिससे नई दिल्ली में पेट्रोल का दाम 94.77 रुपए प्रति लीटर से 7.35 रुपए रुपए बढ़कर 102.12 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

पेट्रोल की कीमत में 15 मई को 3 रुपए प्रति लीटर, 19 मई को 0.87 रुपए प्रति लीटर, 23 मई को 0.87 रुपए प्रति लीटर और 25 मई को 2.61 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी गई थी।

बीते महीने डीजल की कीमतों में भी चार बार वृद्धि की गई, जिससे डीजल का दाम नई दिल्ली में 87.67 रुपए प्रतिशत लीटर से 7.53 रुपए बढ़कर 95.20 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

डीजल के दाम में 15 मई को 3 रुपए प्रति लीटर, 19 मई को 0.91 रुपए प्रति लीटर, 23 मई को 0.91 रुपए प्रति लीटर और 25 मई को 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी गई थी।

इस दौरान कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी वृद्धि देखी गई है। युद्ध के चलते नई दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम बढ़कर 3,113.50 रुपए पहुंच गया है। एक जून को कमर्शियल एलपीडी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी।

जून में हुई बढ़ोतरी को मिलाकर बीते पांच महीनों के अंदर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 1,400 रुपए से ज्यादा का इजाफा हुआ है। जनवरी में, दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,691.50 रुपए थी।

घरेलू स्तर पर बढ़ोतरी के बाद भी देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अन्य देशों की तुलना में कम हैं।

दुनिया की प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्था में पेट्रोल की खुदरा कीमत 150 रुपए प्रति लीटर से अधिक है और अधिकतर देशों में 180 रुपए प्रति लीटर से अधिक है; यूरोपीय संघ के 27 देशों में औसत पेट्रोल की कीमत 179 रुपए और डीजल की कीमत 184 रुपए है।

भारत के दो बड़े पड़ोसी देश पाकिस्तान और नेपाल कम आय के बावजूद पेट्रोल की कीमत 135 रुपए प्रति लीटर से काफी ऊपर पहुंच गई है। श्रीलंका, म्यांमार और फिलीपींस में यह कीमत 130 रुपए प्रति लीटर से ऊपर है।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News