ओडिशा और गुजरात में आईएमडी का रेड अलर्ट, अगले 2-3 घंटे में भारी बारिश का अनुमान


नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार रात 10:07 बजे अगले दो से तीन घंटों के लिए तात्कालिक (नाउकास्ट) मौसम चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने 26 जुलाई रात 1:07 बजे तक कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई है। ओडिशा और गुजरात के कुछ जिलों के लिए रेड वार्निंग, जबकि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों के लिए ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा के अनुगुल, भद्रक, देवगढ़, ढेंकानाल, केंद्रपाड़ा और संबलपुर जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश तथा 15 मिमी प्रति घंटे से अधिक की भारी वर्षा होने की संभावना है।

वहीं, गुजरात के बनासकांठा, कच्छ, महेसाणा, पाटन और साबरकांठा जिलों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के अमेठी, बांदा, बाराबंकी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, संत रविदास नगर (भदोही), सीतापुर और उन्नाव में गरज-चमक, बिजली गिरने, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

इसके अलावा तेलंगाना के मेदक और राजन्ना सिरसिला, महाराष्ट्र के नासिक, पालघर, पुणे, रायगढ़, सतारा और ठाणे, ओडिशा के कटक, जगतसिंहपुर, जाजपुर, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, महासमुंद और रायगढ़, मध्य प्रदेश के डिंडोरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और उमरिया, गुजरात के अहमदाबाद, आनंद, अरावली, दाहोद, गांधीनगर, जामनगर, खेड़ा, महिसागर, मोरबी, पंचमहल, राजकोट, सुरेंद्रनगर और वडोदरा, तथा हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, शिमला और सोलन जिलों में भी ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है।

मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें, सड़क और यातायात की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News