जयपुर, 16 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान यूनाइटेड एफसी और रियल कश्मीर, इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 की स्टैंडिंग में अपनी स्थिति सुधारने के लिए अपना अगला मैच जीतने की कोशिश करेंगे। राजस्थान यूनाइटेड एफसी स्टैंडिंग में टॉप पर पहुंचने की उम्मीद के साथ रियल कश्मीर एफसी का सामना करेगा, जबकि रियल कश्मीर जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में आईएफएल 2025-26 में अपनी पहली जीत हासिल करने की उम्मीद करेगा।
राजस्थान यूनाइटेड अपना लगातार दूसरा घरेलू मैच खेलेगा। पिछले राउंड में नामधारी एसए के खिलाफ 3-2 की रोमांचक जीत के साथ टीम ने इस सीजन की अपनी पहली जीत हासिल की थी। जयपुर की टीम इस मैच में जीत हासिल करके कुछ समय के लिए टॉप स्पॉट पर पहुंच जाएगी।
बॉल पजेशन पर आधारित आक्रामक खेल की रणनीति पर भरोसा करते हुए राजस्थान अपने शानदार फॉर्म में चल रहे फॉरवर्ड खिलाड़ियों पर काफी हद तक निर्भर रहेगा। फ्रेंच स्ट्राइकर अमादौ सौकोना पिछले मैच में टीम के लिए सबसे बड़े हीरो साबित हुए थे। उन्होंने 96वें मिनट के स्टॉपेज टाइम में गोल करके टीम को जीत दिलाई थी।
इस मुकाबले के महत्व पर जोर देते हुए सहायक कोच विकास रावत ने कहा, “यह मैच हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे मिलने वाले तीन प्वाइंट हमें टेबल में टॉप पर पहुंचा सकते हैं। हम इसे हासिल करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन हम यह भी जानते हैं कि रियल कश्मीर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा, क्योंकि वह अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश में हैं।” घरेलू मैदान पर खेलने के फायदे पर रोशनी डालते हुए उन्होंने आगे कहा, “हमें एक कड़े मुकाबले की उम्मीद है और हम आशा करते हैं कि पिछले मैच की तरह ही इस बार भी बड़ी संख्या में प्रशंसक स्टेडियम में आकर हमारा समर्थन करेंगे।”
हेड कोच इशफाक अहमद की अगुवाई में रियल कश्मीर अपनी जानी-मानी जुझारू भावना, जोरदार खेल शैली और अपने मजबूत डिफेंस के लिए मशहूर है, जिसे भेदना बेहद मुश्किल माना जाता है। हालांकि, रियल कश्मीर इस बार मैच को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाने के लिए बेताब होगा। पिछले मैच में आइजॉल एफसी के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलने के बाद टीम थोड़ी निराश जरूर होगी। उस मैच में वह दो बार बढ़त बनाने के बावजूद 91वें मिनट में टीम गोल खा बैठी थी, जिसके चलते वे स्टैंडिंग में दो प्वाइंट के साथ 9वें स्थान पर हैं।
रियल कश्मीर के पास बढ़त है, क्योंकि दोनों टीमों के बीच पिछले सात मुकाबलों में राजस्थान यूनाइटेड की 2 जीत के मुकाबले रियल कश्मीर ने 4 मैच जीते हैं, और एक मैच ड्रॉ रहा है। पिछले मुकाबले में राजस्थान ने रियल कश्मीर पर 4-0 से शानदार जीत हासिल की थी। अहम अंकों के दांव पर लगे होने के साथ ही राजस्थान यूनाइटेड की निगाहें शीर्ष स्थान पर भी हैं, जबकि रियल कश्मीर को इस मुकाबले में पहली जीत की तलाश होगी।
–आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
