नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने आईसीसी विमेंस वनडे टीम रैंकिंग में सालाना अपडेट के बाद शीर्ष पायदान पर अपना दबदबा बनाए रखा है। वहीं, आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 जीतने के बावजूद भारत ने तीसरे स्थान पर अपनी जगह पक्की रखी है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम रेटिंग प्वाइंट्स में 2 अंकों की मामूली गिरावट के बाद शीर्ष पर बनी हुई है। इंग्लैंड 128 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है। इंग्लिश टीम रेटिंग में मामूली बढ़त के बावजूद अभी भी टॉप पर मौजूद टीम से काफी पीछे है।
भारतीय टीम 124 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ तीसरे पायदान पर बनी हुई है। यह सब टीम के यादगार वर्ल्ड कप अभियान के बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली शानदार जीत भी शामिल है।
साउथ अफ्रीका (100), न्यूजीलैंड (93), और श्रीलंका (89) टॉप-6 टीमों की सूची को पूरा करते हैं। सालाना अपडेट के बाद रैंकिंग के ऊपरी हिस्से में स्थिरता बनी हुई है।
बांग्लादेश 73 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गया है, जिससे उसने पाकिस्तान को पछाड़ दिया है, जो 72 प्वाइंट्स के साथ 8वें स्थान पर खिसक गया है। रैंकिंग में शेष स्थानों पर मौजूद टीमों के बीच बहुत कम बदलाव देखने को मिला है।
इस बीच, थाईलैंड और नीदरलैंड्स रैंकिंग से अस्थायी तौर पर बाहर हो गए हैं, क्योंकि वे पिछले तीन वर्षों में कम से कम आठ वनडे मैच खेलने की शर्त को पूरा नहीं कर पाए हैं। थाईलैंड को रैंकिंग में वापस आने के लिए सिर्फ एक और मैच की जरूरत है, जबकि नीदरलैंड्स को तालिका में फिर से शामिल होने के लिए दो और वनडे मैच खेलने होंगे।
भारतीय महिला टीम ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्हीं के देश में एक वनडे सीरीज खेली थी, जिसमें वर्ल्ड कप जीतने के बाद भी उन्हें तीनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था।
सालाना रैंकिंग अपडेट का सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। आईसीसी मेंस और विमेंस टी20 टीम रैंकिंग 5 मई को जारी की जाएगी। इसके बाद 7 मई को ताजा वनडे मेंस टीम जारी होगी।
–आईएएनएस
आरएसजी
