मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन की वेबसीरीज ‘मामला लीगल है-2’ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो चुकी है, जिसमें वो अधिवक्ता वीडी त्यागी से सीधा जज बनकर फैंस का दिल जीतने वाले हैं।
अपनी सीरीज का प्रमोशन करने पहुंचे रवि किशन ने सीएम योगी और उनके बीच के मजाकिया रिश्ते पर बात की। सीएम योगी को भी कई मौकों पर रवि किशन की टांग-खिंचाई करते हुए देखा गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी से उनके मजाकिया रिश्ते पर किए सवाल का जवाब देते हुए अभिनेता ने आईएएनएस से कहा कि, अगर मेरी वजह से उनके चेहरे पर मुस्कान आती है तो इससे ज्यादा गर्व की बात मेरे लिए कुछ नहीं है। मैं चाहता हूं कि सीएम योगी मुझे छेड़ें।
उन्होंने कहा, सीएम योगी बहुत बड़े राज्य को संभाल रहे हैं और हमेशा राज्य के विकास के बारे में सोचते हैं। ऐसे में अगर वो मेरी बातों पर हंस देते हैं तो यह अच्छी बात है। मुझे तारीफ और निंदा से फर्क नहीं पड़ता। मुझे भगवान शिव ने दूसरों को मुस्कुराहट देने के लिए भेजा है। मैं जिंदगी में आनंद रस बांटने आया हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं अपनी परेशानियों का बोझ किसी दूसरे पर नहीं डालता हूं। लोगों को आज के रवि किशन को देखकर लगता है कि मेरे पास कितना कुछ है, लेकिन यहां पर पहुंचने के लिए कितना संघर्ष किया है। यह मैं ही जानता हूं। आज जो कुछ हूं वो अपने दर्शकों की वजह से हूं।”
हाल ही में गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ ने रवि किशन से चुटकी लेते हुए कहा था कि लोग आपसे (रवि किशन) से छुट्टी चाहते हैं। उन्होंने कहा था, ‘अगले चुनाव में उनकी सीट पर कोई महिला दावेदार आ सकती है और लोग उनसे ‘छुट्टी’ चाहते हैं,’ जिससे सभी लोग मुस्कुरा दिए थे।
इससे पहले साल 2021 में रवि किशन ने नवनिर्मित अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक श्मशान घाट को लेकर ऐसी बात कह दी थी कि सीएम योगी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए थे। उनका बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक श्मशान का प्रचार करते हुए सांसद ने कहा था, “यहां जलने में आनंद आएगा और डायरेक्ट स्वर्ग जाओगे।” यह सुनकर सीएम योगी भी जोर-जोर से हंसने लगे थे।
–आईएएनएस
पीएस/वीसी
