नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 39वें मुकाबले में 75 रन पर सिमटने के बाद दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) 9 विकेट से मैच गंवा बैठी। इस करारी हार का के बाद कप्तान अक्षर पटेल ने बताया कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर हुआ क्या?
अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स खराब शुरुआत के बाद महज 16.3 ओवरों में 75 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में आरसीबी ने सिर्फ 6.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच गंवाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, “मुझे अब भी समझ नहीं आ रहा कि हुआ क्या? लेकिन सभी कहते हैं कि क्रिकेट में हर दिन आपको चौकन्ना रहना पड़ता है और आपको वापस आकर वही चीजें बार-बार करनी पड़ती हैं। लेकिन हां, जब आप अगले मैच में उतरते हैं, तो आपको इसे भूलकर आगे बढ़ना होता है।”
डीसी ने इस सीजन अपने शुरुआती दोनों मैच जीते थे। इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक रन के करीबी अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। अपने पिछले 6 मुकाबलों में डीसी 5 मैच गंवा चुकी है। जब कप्तान से पूछा गया कि क्या जीटी के विरुद्ध मैच के बाद से टीम की किस्मत बदली है? तो उन्होंने कहा, “हां, अगर मैं आज की बात करूं, तो आप ऐसा सोच सकते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि ‘अगर-मगर’ तो होते ही रहेंगे। आप सोच सकते हैं कि अगर हमने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में वह कैच ले लिया होता या वह रन पूरा कर लिया होता, तो शायद मोमेंटम बना रहता। लेकिन ये चीजें होती रहती हैं। जरूरी यह है कि आप हर दिन आएं और वही चीजें करते रहें, चौकन्ने रहें, और जो आप करते आ रहे हैं, वही करते रहें।”
उन्होंने कहा, “आईपीएल एक बहुत मुश्किल टूर्नामेंट है। आप एक दिन के लिए भी यह नहीं सोच सकते कि चीजें आसानी से हो जाएंगी। आपको हर बार आकर अपना प्लान लागू करना होता है। हां, मोमेंटम मायने रखता है, लेकिन आप यह सोचते नहीं रह सकते कि ‘काश ऐसा हुआ होता।’ बेहतर यही है कि जो आपके सामने है, उस पर ध्यान दें।”
इस मैच से आगे बढ़ने के बारे में कप्तान ने कहा, “मुझे लगता है कि हमें आगे बढ़ना चाहिए। अगर आप नकारात्मक सोचेंगे, तो मैच हार जाएंगे। अगर आप सकारात्मक सोचेंगे, तो आप अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। इसलिए हमें इसे भूलकर आगे बढ़ना होगा। मैं टीम से भी यही कहूंगा- एक खराब मैच का मतलब यह नहीं है कि आप एक-दूसरे पर उंगलियां उठाना या बल्लेबाजों को दोष देना शुरू कर दें। हमें सकारात्मक रहना होगा, पिछले 6-7 मैचों में हम जो करते आ रहे हैं, उसे जारी रखना होगा, और सही माइंडसेट बनाए रखना होगा।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीसी की टीम महज 8 के स्कोर तक अपने 6 विकेट गंवा चुकी थी। जब अक्षर पटेल से पूछा गया कि क्या उन्हें शुरुआत में गेंद में इतनी ज्यादा मूवमेंट देखकर हैरानी हुई? तो कप्तान ने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि हैरानी हुई। वे वर्ल्ड-क्लास बॉलर्स हैं और वे गेंद को कहीं भी स्विंग करा सकते हैं, उन्होंने हर मैदान पर ऐसा किया है। लेकिन हां, मुझे लगता है कि अगर हमारे ओपनर्स या टॉप-ऑर्डर के किसी बैटर ने शुरुआती कुछ ओवर्स को बेहतर तरीके से खेला होता, तो शायद कुछ फर्क पड़ सकता था और मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था, लेकिन जिस तरह से उन्होंने गेंदबाजी की, उसका श्रेय उन्हें ही जाता है।”
–आईएएनएस
आरएसजी
