मुंबई, 27 मई (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेत्री ईवा लोंगोरिया ने एक इंटरव्यू में मशहूर टीवी शो ‘डेस्परेट हाउसवाइव्स’ को लेकर बताया कि उन्होंने आज तक अपना ही शो नहीं देखा।
साल 2004 से 2012 तक चले मशहूर अमेरिकी टीवी शो ‘डेस्परेट हाउसवाइव्स’ में ईवा ने गैब्रिएल सोलिस का किरदार निभाया था। यह किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
इस शो के लिए उन्हें कई बड़े सम्मान भी मिले। उन्हें दो बार स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जबकि गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड के लिए भी उनका नामांकन हुआ था। शो में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया था।
जेसी टायलर फर्ग्यूसन के साथ ‘डिनर ऑन मी’ पॉडकास्ट में बात करते हुए ईवा ने कहा, “आजकल लोग फिर से इस शो को देख रहे हैं, और यह स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी काफी लोकप्रिय हो रहा है। मुझे बार-बार यह सुझाव दिया जाता है कि मैं भी शो देखूं, लेकिन हर बार मैं मना कर देती हूं, क्योंकि मैं खुद इस शो का हिस्सा रह चुकी हूं, तो ऐसे में मुझे यह देखने की क्या जरूरत है?”
ईवा ने कहा, ”मैंने सिर्फ अब ही नहीं, बल्कि जब यह शो पहली बार टीवी पर प्रसारित होता था, तब भी इसे नहीं देखा था। मैं कभी अपना काम बैठकर नहीं देखती।”
‘डेस्परेट हाउसवाइव्स’ में ईवा के अलावा, कई मशहूर कलाकार नजर आए थे, जिनमें टेरी हैचर, फेलिसिटी हफमैन, मार्सिया क्रॉस और निकोलेट शेरिडन जैसे नाम शामिल थे। यह शो कुल 180 एपिसोड तक चला था और उस दौर के सबसे सफल टीवी कार्यक्रमों में गिना जाता है।
जब शो के नए वर्जन को लेकर ईवा से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ”शो के निर्माता मार्क चेरी फिलहाल इसे दोबारा शुरू करने के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि शो के हर किरदार को पहले ही पूरी तरह दिखाया जा चुका है और उनकी कहानी को अच्छे तरीके से खत्म किया गया था, इसलिए अब उसी दुनिया को दोबारा शुरू करना आसान नहीं होगा।”
ईवा ने पुराने दौर के टीवी शो और आज के समय के कार्यक्रमों के बीच का फर्क भी बताया। उन्होंने कहा, ”पहले एक शो के साल में 24 एपिसोड बनाए जाते थे और कई सालों तक कहानी आगे बढ़ती रहती थी। आजकल ज्यादातर शो सिर्फ 6 या 8 एपिसोड तक सीमित रहते हैं।”
–आईएएनएस
पीके/एबीएम
