Sunday, February 15, 2026

'अपने किरदार को जीने लगी हूं,' ड्रैगन का किरदार निभाने वाली कनिका मान ने खोले किरदार से जुड़े राज


मुंबई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। टीवी के पॉपुलर सीरियल ‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’ की कनिका मान एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं, लेकिन इस बार वह आम इंसान बनकर नहीं, बल्कि ड्रैगन बनकर फैंस का दिल जीतने वाली हैं।

अब ‘नागिन 7’ में अपनी एंट्री और ड्रैगन के किरदार पर कनिका मान ने कहा कि ड्रैगन का किरदार निभाना उनके लिए सपने जैसा है।

कनिका मान ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में अपने ड्रैगन के खूंखार किरदार पर बात करते हुए कहा, “सीरियल में बीते 12 एपिसोड से ड्रैगन दिखाया जा रहा है और दर्शक पहले से ही उससे कनेक्टेड हैं, लेकिन बस अब नया चेहरा मेरा होने वाला है। मुझे उम्मीद है कि मैं ड्रैगन का किरदार अच्छे से निभा पाऊंगी। ड्रैगन की दुनिया अलग है, लेकिन ड्रैगन बनने से पहले किरदार राधिका के जीवन में कई उतार-चढ़ाव हैं, जो दर्शकों को कनेक्ट करने की कोशिश करेगी। मुझे ड्रैगन के लुक को लेकर सबसे ज्यादा एक्साइटमेंट है क्योंकि वह अलग दुनिया से आता है और मैंने आज तक ऐसा किरदार नहीं निभाया है।”

उन्होंने आगे कहा, “राधिका का किरदार कुछ-कुछ ग्रे शेड्स जैसा है। उसे गुस्सा आता है तो वो गुस्सा करती है और अगर खुश है तो खुश हो जाती है, लेकिन उसे सीमा पार करना भी आता है और यही वजह है कि किरदार थोड़ा निगेटिव हो जाता है, लेकिन मुझे इस किरदार को निभाने में मजा आ रहा है। सीरियल में कुछ एक्शन सीन्स भी देखने को मिलेंगे और उनकी शूटिंग भी बहुत सावधानी से होगी। जिस तरीके का किरदार है, मैं अंदाजा लगा सकती हूं कि बहुत सारे स्टंट शूट होंगे।”

कनिका का कहना है कि वे हर किरदार से कुछ न कुछ सीखती हैं। अपने नए ड्रैगन के किरदार पर कनिका ने कहा, “मेरे लिए ड्रैगन बनना आसान नहीं है, लेकिन उससे ज्यादा मैं राधिका के किरदार से सीख रही हूं। अभी तक मैंने जितने भी रोल किए हैं, उन्हें मैं असल जिंदगी में भी थोड़ा-थोड़ा जीने लगती थी, वैसा ही राधिका के किरदार के साथ हो रहा है क्योंकि मैं उसकी तरह फील करने लगी हूं, उसकी भावनाओं को महसूस करने लगी हूं। मेरे बाकी किरदार बबलीनेस से भरे रहे हैं, लेकिन राधिका और ड्रैगन का किरदार बिल्कुल अलग है। उसका एक सीमित बोलने का तरीका है, चलने का तरीका है। उसके अंदर एक ग्रेस है।”

–आईएएनएस

पीएस/डीकेपी


Related Articles

Latest News