मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। रोमानिया की मॉडल, सिंगर और एक्ट्रेस यूलिया वंतूर आज भारतीय मनोरंजन जगत में जाना-पहचाना नाम हैं। हालांकि, भारत में उनकी पहचान अक्सर सलमान खान के साथ जुड़ी खबरों से भी होती रही है, लेकिन यूलिया की अपनी एक अलग कहानी है। एक समय ऐसा भी था, जब उन्हें खुद अपनी आवाज और हिंदी में गाने को लेकर भरोसा नहीं था। उस दौर में सलमान खान ने उनकी क्षमता पर भरोसा जताया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हौसला दिया।
यूलिया ने खुद कई इंटरव्यू में बताया है कि सलमान के भरोसे ने उन्हें अपने टैलेंट को पहचानने में मदद की।
यूलिया वंतूर का जन्म 24 जुलाई 1980 को रोमानिया में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव ग्लैमर और मीडिया की दुनिया की तरफ था। उन्होंने महज 15 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी और धीरे-धीरे रोमानिया में अपनी पहचान बनाई।
मॉडलिंग के बाद यूलिया ने टीवी की दुनिया में कदम रखा। वह रोमानिया की जानी-मानी टीवी एंकर बनीं और कई लोकप्रिय लाइव शो होस्ट किए। उन्होंने न्यूज एंकर के तौर पर भी काम किया। टीवी में उनके काम के लिए उन्हें कई सम्मान और पुरस्कार भी मिले।
यूलिया ने एक इंटरव्यू में अपनी शुरुआत को याद करते हुए बताया था कि जब वह सिर्फ 19 साल की थीं, तब पहली बार न्यूज रूम पहुंची थीं। उन्होंने एंकर की नौकरी के लिए अप्लाई किया था। शुरुआत में उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका सलेक्शन होगा, लेकिन उनकी प्रतिभा देखकर जॉब मिल गई और यहीं से उनका टीवी में सफर शुरू हुआ।
भारत आने के बाद यूलिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती नई भाषा और नई इंडस्ट्री थी। शुरुआत में लोग उन्हें सलमान खान से जुड़ी शख्सियत के तौर पर ज्यादा जानने लगे थे। यूलिया और सलमान खान की मुलाकात साल 2010 में डबलिन में हुई थी, जहां सलमान अपनी फिल्म ‘बॉडीगार्ड’ की शूटिंग कर रहे थे। इसके बाद दोनों की दोस्ती की चर्चा होने लगी।
यूलिया ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके लिए सिंगिंग में कदम रखना आसान नहीं था। उन्हें हिंदी में गाने को लेकर खुद पर विश्वास नहीं था। लेकिन, सलमान ने उनकी आवाज और मेहनत पर भरोसा किया।
सलमान खान ने यूलिया को गाने के लिए प्रेरित किया और उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। इसके बाद यूलिया ने उनकी फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ के गाने ‘सीटीमार’ में अपनी आवाज दी। इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में भी काम किया और सिंगर के तौर पर अपनी पहचान बनाई।
यूलिया ने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा। वह फिल्म ‘राधा क्यों गोरी मैं क्यों काला’ से बॉलीवुड डेब्यू करने वाली थीं, हालांकि यह फिल्म रिलीज नहीं हो पाई। इसके बाद वह शॉर्ट फिल्म ‘इकोज ऑफ अस’ में नजर आईं।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम
