हमें अंदाजा था फिल्म चलेगी, पर इस कदर क्रेज बढ़ेगा यह नहीं पता था : राकेश बेदी


मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने रिलीज होते ही हर जगह धूम मचा दी है। फिल्म में भले ही रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में थे, लेकिन इसके क्लाइमेक्स वाले सीन में राकेश बेदी ने हर किसी के दिल में खास जगह बनाई है। इस सीन को देखने के बाद हर कोई उन्हें फिल्म का असली ‘धुरंधर’ कह रहा है।

सोशल मीडिया पर उनकी तारीफों के पुल बंधे हुए हैं और कई यूजर्स उन्हें ‘हुकुम का इक्का’ बता रहे हैं।

शुक्रवार को राकेश ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर हालिया इंटरव्यू वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने निर्देशक आदित्य धर के साथ हुई एक मजेदार बातचीत का जिक्र किया। इसमें राकेश ने बताया कि फिल्म रिलीज के पहले आदित्य ने उनसे कहा था कि उन्हें कुछ बक्से खरीद लेने चाहिए।

अभिनेता वीडियो में कहते हैं, “असल में, फिल्म की स्क्रिप्ट इतनी जबरदस्त थी कि आदित्य ने मुझसे कहा था कि सर आप कुछ टोकरी खरीद लीजिए, मुझे इतनी तारीफ मिलने वाली हैं, कहां रखेंगे इतने सारे प्राइज। मतलब कि फिल्म की स्क्रिप्ट बहुत पावरफुल थी। सभी के रोल बहुत अच्छे थे, तो हमें ऐसे अंदाजा तो था कि फिल्म चलेगी, लेकिन इस कदर इसका क्रेज बढ़ेगा, ये नहीं पता था।”

राकेश ने आगे अपनी मन की बात को शेयर करते हुए कहा, “मैंने एक बार आदित्य से कहा था कि मुझे महसूस हो रहा है कि मैं पिछले कई सालों से क्रिकेट बल्ला लिए क्रीज पर खड़ा हूं और मैं एक ‘लूज बॉल’ का इंतजार कर रहा हूं। अगर मुझे कोई लूज बॉल मिली, तो मैं उस पर छक्का मार दूंगा, तो मुझे लग रहा है कि आदित्य ने वह लूज बॉल दी और मैंने छक्का मारा है।”

फिल्म ‘धुरंधर’ में राकेश बेदी ने एक पाकिस्तानी राजनेता जमील जमाली का किरदार निभाया था। जमील का किरदार एक करप्ट पॉलिटिशियन का था, जिसके तार अपराधियों के साथ जाकर जुड़ते थे। राकेश बेदी ने इस किरदार को कभी मजाकिया तो कभी गंभीर तरीके से निभाया। पहले पार्ट में यह किरदार दर्शकों को बस एक साइड कैरेक्टर लगता है, लेकिन ‘धुरंधर 2’ में राकेश बेदी का किरदार जमील जमाली चौंकाता है। जब उसकी असल पहचान सामने आती है तो दर्शक हैरान हो जाते हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News