Monday, February 16, 2026

‘धुरंधर’ के फैन बने ऋतिक रोशन, बोले- 'पार्ट-2 का बेसब्री से इंतजार’


मुंबई, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। आदित्य धर के निर्देशन में बनी हालिया रिलीज फिल्म ‘धुरंधर’ एक तरफ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। वहीं, आम जन के साथ ही सितारे भी खूब तारीफ करते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में एक्टर ऋतिक रोशन ने फिल्म की जमकर तारीफ की।

आदित्य धर के लेखन-निर्देशन में बनी फिल्म को ऋतिक ने ‘प्योर सिनेमा’ करार देते हुए कहा कि यह फिल्म उनके दिमाग से नहीं निकल पा रही है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ऋतिक ने पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने फिल्म के हर एक एक्टर को कमाल का बताया। साथ ही कहा कि अक्षय खन्ना हमेशा से उनके पसंदीदा कलाकारों में से एक रहे हैं।

उन्होंने लिखा, “’धुरंधर’ अभी भी मेरे दिमाग से नहीं निकल रहा है। आदित्य धर आप एक जबरदस्त मेकर हैं और रणवीर सिंह चुप्पी से लेकर गुस्से तक, फिल्म में आपका क्या शानदार सफर रहा। अक्षय खन्ना हमेशा से मेरे पसंदीदा रहे हैं और यह फिल्म इसका सबूत है।”

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “आर माधवन आपकी एक्टिंग बहुत ही शानदार, ताकत और गरिमा के साथ है, आपने पर्दे पर क्या गंभीरता दिखाई है। लेकिन, यार राकेश बेदी… आपने जो किया वो जबरदस्त था.. क्या एक्ट था, शानदार। सभी के लिए खासकर मेकअप और प्रोस्थेटिक्स डिपार्टमेंट के लिए बहुत-बहुत तालियां। मैं पार्ट 2 के लिए उत्साहित हूं और इंतजार नहीं कर सकता।”

ऋतिक ने इससे पहले किए पोस्ट में भी फिल्म की खूब तारीफ की थी। उन्होंने बताया कि वह फिल्म को एक्टिंग के स्टूडेंट के तौर पर देख रहे हैं। उन्होंने लिखा, “मुझे सिनेमा पसंद है, मुझे ऐसे लोग पसंद हैं, जो किसी भंवर में फंस जाते हैं और कहानी को कंट्रोल करने देते हैं। ‘धुरंधर’ इसका एक बेहतरीन उदाहरण है। कहानी कहने का तरीका बहुत पसंद आया। यह सिनेमा है। मैं इसकी पॉलिटिक्स से सहमत हूं या नहीं, लेकिन सिनेमा के स्टूडेंट के तौर पर मुझे यह बहुत पसंद आया। मैंने ‘धुरंधर’ से कितना कुछ सीखा, इसे नजरअंदाज नहीं कर सकता। कमाल है।”

5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं, जबकि अक्षय खन्ना, आर माधवन और राकेश बेदी समेत अन्य कलाकार अहम किरदारों में हैं। फिल्म को ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने प्रोड्यूस किया है।

–आईएएनएस

एमटी/एबीएम


Related Articles

Latest News