नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा सांसद अनिल बोंडे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कायदे से रहोगे, तो फायदे में रहोगे बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व का हिंदू जाग रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि कायदे से रहोगे, तो फायदे में रहोगे। नहीं तो आगे का रास्ता कहां जाता है। अगर कोई कानून तोड़ेगा तो रास्ता सीधे जहन्नुम की ओर जाता है। कानून तोड़कर अगर कोई जन्नत जाने का सपना देख रहा है, तो यह सपना कभी पूरा नहीं होने वाला है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद अनिल बोंडे ने कहा कि यह बिल्कुल सच है क्योंकि हिंदू अब जाग गए हैं। हिंदुओं के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृह मंत्री अमित शाह जैसे मजबूत नेता हैं। हिंदू अब दबे नहीं हैं। पहले कांग्रेस के राज में हिंदुओं को बोलने में भी शर्म आती थी, लेकिन आज हिंदू गर्व से कहते हैं ‘हम हिंदू हैं’।
पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज नरवणे के ट्वीट पर भाजपा सांसद अनिल बोंडे ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राहुल गांधी को समझा रहे थे कि जिस किताब का वह जिक्र कर रहे थे, वह अभी पब्लिश नहीं हुई है। जनरल नरवणे ने कहा कि यह किताब मैंने लिखी है, लेकिन पब्लिशर के कहने के बाद भी इसे परमिशन के लिए डिफेंस मिनिस्ट्री को भेजा गया था। फिर भी राहुल गांधी ने किताब की एडवांस कॉपी का जिक्र किया, जो अभी प्रकाशित नहीं हुई थी। राहुल गांधी ने संसद के इतने दिनों को बर्बाद किया। स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें समझाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन उनका मकसद तो सदन का समय बर्बाद करना ही था।
पाकिस्तान के भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप मैच के बॉयकॉट को वापस लेने पर भाजपा सांसद अनिल बोंडे ने कहा कि पाकिस्तान जो भी मांगें करता है, कांग्रेस उनका समर्थन करती है। पाकिस्तान ने आईसीसी से कहा था कि जब तक कुछ शर्तें पूरी नहीं होतीं, वे भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे। उनकी शर्तें थीं-मैच बाइलेटरल गेम के तौर पर और बांग्लादेश, पाकिस्तान तथा भारत के साथ ट्रायंगुलर सीरीज खेले जाएं। इसके अलावा, मैच पाकिस्तान की जमीन पर खेले जाने चाहिए। भारत को उसमें शामिल होना चाहिए। आईसीसी ने इन तीनों शर्तों को मानने से इनकार कर दिया और साफ कहा कि अगर क्रिकेट में रहना है तो नियमों का पालन करना होगा। इसीलिए पाकिस्तान को मानना पड़ा। अब पाकिस्तान ने अपनी डिमांड छोड़ दी, लेकिन कांग्रेस अब भी ‘न खेलने’ का समर्थन कर रही है। पाकिस्तान और कांग्रेस एक ही ताल पर नाचते हैं। सर्च करने की जरूरत है कि पाकिस्तान और कांग्रेस के बीच क्या संबंध है।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी
