इस्लामाबाद, 1 मार्च (आईएएनएस)। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत को लेकर एक तबका शोक में है, तो दूसरे तबके में खुशी की लहर है। इस बीच दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में इजरायल और अमेरिका की इस संयुक्त कार्रवाई के खिलाफ लोग सड़कों पर प्रदर्शन भी कर रहे हैं। पाकिस्तान के कराची में भी अमेरिकी दूतावास के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया। वहीं, अमेरिकी दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है।
इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हम कराची और लाहौर में अमेरिकी कॉन्सुलेट जनरल में चल रहे प्रदर्शनों की रिपोर्ट पर नजर रख रहे हैं। अमेरिकी दूतावास इस्लामाबाद और कॉन्सुलेट जनरल पेशावर पर भी नजर बनाए हुए हैं।”
अमेरिकी दूतावास ने लोगों को भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी और कहा, “हम पाकिस्तान में अमेरिकी नागरिकों को सलाह देते हैं कि वे स्थानीय खबरों पर नजर रखें और अच्छी पर्सनल सिक्योरिटी प्रैक्टिस का पालन करें, जिसमें अपने आस-पास का ध्यान रखना, ज्यादा भीड़ से बचना और यह पक्का करना शामिल है कि आपका एसटीईपी रजिस्ट्रेशन अप-टू-डेट हो।”
रविवार को कराची में अमेरिकी दूतावास के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ झड़प में छह लोगों की मौत हो गई। मीडिया ने बताया कि रविवार को पाकिस्तान के कराची में एमटी खान रोड पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में कम से कम छह लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए।
यह झड़प तब हुई, जब अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग यूएस कॉन्सुलेट की ओर मार्च कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दरवाजे और खिड़कियां टूटी और आग लगी दिख रही थीं। इसके अलावा कॉन्सुलेट परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल था, जिसमें प्रदर्शनकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे थे और सुरक्षाकर्मियों से भिड़ रहे थे।
पाकिस्तानी अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने ईधी रेस्क्यू सर्विस के हवाले से बताया कि पुलिस ने बढ़ते हालात को कंट्रोल करने के लिए आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। इसमें छह लोगों की मौत हो गई है और प्रदर्शन वाली जगह के पास कई लोग घायल हो गए। एम्बुलेंस से घायलों को इलाज के लिए कराची के सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
–आईएएनएस
केके/एबीएम
