दिल्ली में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, एमसीडी का इंजीनियर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने नगर निगम के एक सहायक अभियंता (एई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुकम सिंह मीना के रूप में हुई है, जो दिल्ली नगर निगम के शाहदरा साउथ जोन के गाजीपुर स्थित क्यूयूसी ऑफिस में तैनात था। सीबीआई के अनुसार, आरोपी एक शिकायतकर्ता से आधिकारिक काम के बदले रिश्वत मांग रहा था और इसी दौरान उसे पकड़ा गया।

सीबीआई ने बताया कि 18 मार्च को इस मामले में केस दर्ज किया गया था। आरोप था कि हुकम सिंह मीना ने शिकायतकर्ता की बिल वेरिफिकेशन फाइल क्लियर करने के लिए 20,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने 19 मार्च को ट्रैप ऑपरेशन चलाया।

इस ऑपरेशन के दौरान आरोपी को 18,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

सीबीआई ने कहा कि यह कार्रवाई सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लगातार मुहिम का हिस्सा है। एजेंसी ने साफ किया कि शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।

साथ ही सीबीआई ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या गलत तरीके से काम करता है, तो उसकी जानकारी तुरंत दें। अधिकारियों ने कहा कि जनता की शिकायतें ही ऐसे मामलों में कार्रवाई का सबसे बड़ा आधार होती हैं। दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है, जिसमें जुर्माना और जेल तक की सजा शामिल है।

बता दें कि हाल के दिनों में सीबीआई ने कई ऐसी कार्रवाइयां की हैं। 17 मार्च को एजेंसी ने साउथ ईस्टर्न रेलवे के जूनियर इंजीनियर रविंद्र कुमार को झारखंड में एक निजी कंपनी से रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वहीं, 16 मार्च को उत्तर प्रदेश में ईसीएचएस से जुड़े मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष शाक्य और एक निजी अस्पताल के अधिकारी बिजेंद्र सिंह को भी कथित रिश्वत मामले में पकड़ा गया था।

–आईएएनएस

वीकेयू/


Related Articles

Latest News